1. Home
  2. क्राइम

Nikki Murder Case : दहेज के लिए पार कर डाली हैवानियत की सारी हदें, मासूम बेटे के सामने पत्नी को मारा, तेजाब फेंका और जिंदा जला डाला

Nikki Murder Case

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। एक महिला को उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर बुरी तरह पीटा, उसके बाल खींचे और आग लगा दी। यह हमला उसकी छोटी बहन और छह साल के बेटे के सामने हुआ। पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपी अब भी फरार हैं।

पीड़िता के बेटे ने बताया, ‘‘मेरी मम्मी पर कुछ डाला, फिर थप्पड़ मारा और लाइटर से आग लगा दी।’’ यह घटना गुरुवार रात की है। दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में महिला को मारपीट और बालों से खींचते हुए घर से बाहर ले जाते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे वीडियो में आग लगने के बाद महिला सीढ़ियों से लंगड़ाते हुए उतरती दिखाई दे रही है।

पीड़िता की पहचान निक्की के रूप में हुई। उनकी बहन कंचन ने मीडिया को बताया कि उनके पति विपिन और ससुराल वालों ने 36 लाख रुपये की दहेज मांग पूरी न होने पर निक्की पर अत्याचार किया। कंचन ने कहा, ‘‘उन्होंने मेरी बहन को उसकी गर्दन और सिर पर मारा, तेजाब भी फेंका। हम बच्चे भी वहीं थे। मैं कुछ नहीं कर सकी और खुद भी घायल हुई।’’

पुलिस ने बताया कि महिला को पहले फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस ने कासना थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि निक्की की शादी 2016 में विपिन से हुई थी और उनका एक बेटा भी है। विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।