पुराना सोफा बेचने के चक्कर में इंजीनियर से हुई 5 लाख की ठगी, फर्जी खरीदार ने ऐसे लगाया चूना

Cyber Fraud : अगर आप भी ऑनलाइन पुराने फर्नीचर या सामान बेचने की योजना बना रहे हैं, तो सतर्क हो जाएं। ओडिशा के एक 21 वर्षीय इंजीनियर शुभ्र जेना को यह फैसला भारी पड़ गया, जब एक ठग ने खुद को ग्राहक बताकर उनसे लाखों की रकम हड़प ली।
घटना 8 मई को शुरू हुई जब शुभ्र ने एक लोकप्रिय क्लासिफाइड वेबसाइट पर अपना पुराना सोफा बेचने के लिए 10,000 रुपये में विज्ञापन डाला। कुछ देर बाद ही एक शख्स ने संपर्क कर खुद को "राकेश कुमार शर्मा" नामक एक फर्नीचर डीलर बताया। दोनों के बीच 8,000 रुपये में सौदा तय हुआ।
शुरुआत में बातचीत सामान्य लगी। पेमेंट के लिए ठग ने शुभ्र से बैंक अकाउंट की जानकारी मांगी। जब पहली बार ट्रांजैक्शन फेल हुआ, तो ठग ने बहाना बनाते हुए कहा कि अगला पेमेंट उसकी मां के खाते से होगा और इसके लिए शुभ्र को भी अपनी मां के अकाउंट डिटेल्स देने को कहा।
शुभ्र ने बिना ज्यादा सोचे दोनों अकाउंट्स की जानकारी दे दी। इसके बाद ठग ने बैंक खातों से रकम उड़ानी शुरू कर दी। 10 मई को उसने शुभ्र को कॉल कर बताया कि गलती से उसके अकाउंट से ₹5.22 लाख कट गए हैं और वह यह रकम वापस कर देगा। लेकिन वह कॉल उसकी आखिरी कॉल थी।
कुछ ही देर में शुभ्र को ठगे जाने का एहसास हुआ। जब उन्होंने और उनकी मां ने बैंक जाकर स्टेटमेंट देखा, तो पता चला कि कुल ₹5,21,519 की निकासी की गई है। इसके तुरंत बाद उन्होंने साइबर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई।
आपके लिए जरूरी सावधानी:
-
कभी भी अजनबी को बैंक डिटेल्स, UPI पिन या OTP न बताएं।
-
लेन-देन से पहले सामने वाले की पहचान की पूरी जांच करें।
-
किसी संदेहजनक व्यवहार पर तुरंत सौदा रद्द करें।
-
साइबर अपराध से जुड़े किसी भी संदेह पर 1930 या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
.webp)
