1. Home
  2. क्राइम

सोंगर-भदेठी बॉर्डर पर पुलिस और गौ तस्करों की मुठभेड़: एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

सोंगर-भदेठी बॉर्डर पर पुलिस और गौ तस्करों की मुठभेड़: एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

जौनपुर: पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार शाम सरायख्वाजा और खेतासराय थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने सोंगर-भदेठी बॉर्डर पर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस और गौतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात गौतस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।


मंगलवार शाम करीब 6 बजे खेतासराय थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ सोंगर (आजमगढ़) बॉर्डर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध लोग तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ बदमाशों का पीछा किया।

सोंगर-भदेठी गांव के पास पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने फिर से फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और गिर पड़ा। उसकी पहचान दिलशाद पुत्र स्वर्गीय मुस्लिम निवासी रानीमऊ, थाना खेतासराय के रूप में हुई।


गिरफ्तार बदमाश दिलशाद थाना खेतासराय का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गौतस्करी समेत अन्य अपराधों में 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।


घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने इस मुठभेड़ को अभियान की बड़ी सफलता बताया और फरार बदमाश की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।