1. Home
  2. क्राइम

Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय DGP बोली- पति राजा की हत्या की साजिश सोनम ने ही रची, जानें बहू की गिरफ्तारी पर सास ने क्या कहा?

Raja Raghuvanshi Murder Case

Raja Raghuvanshi Murder Case:  इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के बाद लापता हुई उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी आखिरकार 17 दिन बाद उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक ढाबे पर मिली। यह मामला अब और उलझ गया है, क्योंकि मेघालय पुलिस का दावा है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची और पेशेवर हत्यारों को सुपारी दी।

ढाबे पर बदहवास हाल में पहुंची सोनम

गाजीपुर के नंदगंज क्षेत्र स्थित काशी ढाबा पर रविवार रात लगभग 1 बजे सोनम अचानक पहुंचीं। ढाबे के मालिक साहिल यादव के मुताबिक, वह घबराई और रोती हुई आई थीं। उन्होंने मोबाइल फोन मांगा और अपने परिवार से संपर्क करने की बात कही। साहिल ने बताया कि एक महिला ग्राहक ने सोनम को ढांढस बंधाया। थोड़ी ही देर में उनके भाई का फोन आया और पुलिस को सूचित करने को कहा गया।

पुलिस और परिवार के बयानों में अंतर


गाजीपुर एसपी डॉ. ईरज राजा के मुताबिक, पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान सोनम को बेहोशी की हालत में पाया था। वहीं सोनम के पिता देवी सिंह का दावा है कि बेटी ने खुद ढाबे पर मौजूद व्यक्ति से फोन कर अपने भाई को संपर्क किया, जिसके बाद परिजन की मदद से वह बरामद हुई।

मेघालय पुलिस का बड़ा दावा: पत्नी ने ही करवाई हत्या

मेघालय डीजीपी एलआर नोंगरांग ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि सोनम ने ही सुपारी देकर पति राजा की हत्या करवाई। वहीं, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने भी सोशल मीडिया पर पुष्टि की कि हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अभी फरार है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सोनम के पिता का इनकार: बेटी को फंसाया जा रहा

सोनम के पिता देवी सिंह ने मेघालय पुलिस के दावे को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी निर्दोष है और उसे झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है।

सास ने की फांसी की मांग अगर दोषी साबित हो

राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी का कहना है, "अगर वाकई सोनम ने ही मेरे बेटे की हत्या करवाई है, तो उसे फांसी दी जानी चाहिए।" उन्होंने आशंका जताई कि सोनम ने सुनियोजित तरीके से साजिश रची होगी। उमा रघुवंशी ने यह भी बताया कि शादी के बाद सोनम का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था। किसी को यह अंदेशा तक नहीं था कि वह इस तरह की किसी साजिश में शामिल हो सकती है।

सोनम और राज कुशवाहा के बीच लंबी बातचीत की बात

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सोनम अक्सर राज कुशवाहा नाम के एक व्यक्ति से लंबी बातचीत करती थीं। हालांकि, ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उमा रघुवंशी ने बताया कि हत्या से कुछ घंटे पहले बेटे राजा ने फोन पर केवल "हम्म-हम्म" कर के जवाब दिया था और कहा था कि वह केला खा रहा है। उन्हें तब कुछ अजीब जरूर लगा, लेकिन दोस्तों से पूछने पर यही बताया गया कि वह खाते वक्त अक्सर ऐसा ही बोलता है।