Rampur : शादी से एक दिन पहले दुल्हन ने रची मंगेतर के अपहरण की साजिश, फिर प्रेमी संग मिलकर उतार दिया मौत के घाट

रामपुर। मेरठ की मुस्कान और इंदौर की सोनम रघुवंशी जैसी घटनाओं के बीच रामपुर से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी से महज एक दिन पहले ही दुल्हन बनने जा रही गुलफशां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर निहाल का अपहरण कर हत्या करवा दी।
मंगेतर की लाश जंगल में मिली
गुलफशां, जो भोट थाना क्षेत्र के धनुपुरा गांव की रहने वाली है, ने प्रेमी सद्दाम और उसके साथियों के साथ मिलकर 25 वर्षीय निहाल का अपहरण करवाया। बाद में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव अजीमनगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा शुमाली गांव के जंगल में फेंक दिया गया।
रिश्ता छह महीने पहले तय हुआ था
मृतक निहाल रामपुर के मोहल्ला गूजर टोला स्थित फकीरों वाला फाटक का निवासी था। वह पेशे से बावर्ची था। परिवार के मुताबिक, निहाल और गुलफशां का रिश्ता छह माह पहले तय हुआ था और 15 जून को उनकी शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, बारात जाने की पूरी तैयारी थी, लेकिन 14 जून को अचानक निहाल गायब हो गया।
ऐसे हुआ अपहरण
परिजनों के अनुसार, निहाल को एक फोन आया जिसमें कॉलर ने खुद को गुलफशां का चचेरा भाई बताते हुए उसे कपड़ों के नाप दिलाने के बहाने घर से बुलाया। इसके बाद दो युवक निहाल को बाइक पर बैठाकर ले गए और फिर वह कभी वापस नहीं लौटा।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
परिजन जब निहाल को खोजने निकले और कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर जंगल से निहाल का शव बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
एक आरोपी जेल भेजा गया, बाकी की तलाश जारी
इस मामले में निहाल के भाई नायब शाह की शिकायत पर गुलफशां, सद्दाम, फरमान और अनीस के खिलाफ गंज थाने में अपहरण व हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एएसपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। परिजन गुलफशां की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
.webp)
