कोतवाल पर मारपीट का आरोप: आरबीएस ऑयल प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने किया हंगामा

जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह पर मारपीट का आरोप लगाते हुए आरबीएस ऑयल प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। घटना बुधवार शाम लगभग 6 बजे परसथ गांव स्थित कंपनी परिसर की है।
कंपनी के गार्ड विजय बहादुर यादव ने आरोप लगाया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोतवाल ने गोदाम की जानकारी मांगी। जब गार्ड ने बताया कि किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है, तो बहस के बाद कोतवाल ने गार्ड को पीटकर गाड़ी में बैठा लिया। गार्ड के समर्थन में कंपनी के मैनेजर रजनीश सिंह, मालिक विनोद सेठ और अन्य कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और कोतवाल को निलंबित करने की मांग की।
घटना के दौरान कंपनी के एमडी की पत्नी मधु सिंह ने भी विरोध जताया, लेकिन उन्हें भी भला-बुरा कहा गया। एक घंटे तक कोतवाली में हंगामा चलता रहा, जिसे बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से शांत किया गया।
इस मामले में कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह ने मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे कुंभ मेले के लिए बैरियर लगाने गए थे। गार्ड द्वारा बदतमीजी किए जाने के कारण पूछताछ की गई थी। मामले की जांच जारी है।
.webp)
