1. Home
  2. क्राइम

रीलबाज पत्नी से तंग आकर पति ने कर दी हत्या, शव लगा रहा था ठिकाने, फिर...

रीलबाज पत्नी से तंग आकर पति ने कर दी हत्या, शव लगा रहा था ठिकाने, फिर...

Bihar News : बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी की इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने की आदत से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को गायब करने की कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।

शव ठिकाने लगाने की कोशिश से भड़का मामला

मृतका ममता देवी बिक्रमगंज निवासी टीपू साह की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार की रात को हुई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। जैसे ही बुधवार सुबह मृतका के मायकेवालों को इस घटना की खबर मिली, वे तुरंत बिक्रमगंज पहुंचे और इंसाफ की मांग करने लगे।

पुलिस पर पक्षपात का आरोप

मृतका के परिजनों ने पुलिस पर हत्यारे को बचाने का आरोप लगाया और आरा-सासाराम मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और मांग करने लगे कि जल्द से जल्द आरोपी पति को गिरफ्तार किया जाए।

करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री वाहन और लंबी दूरी के वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

मृतका के परिवार का दर्द

मृतका ममता देवी (28 वर्ष), रोहतास जिले के राजपुर निवासी श्रीभगवान साह की पुत्री थी। उसकी शादी 2014 में बिक्रमगंज निवासी स्व. कागा साह के पुत्र टीपू साह से हुई थी। मृतका के दो बच्चे हैं—बेटा अंगद कुमार और बेटी दर्पण कुमारी।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात को आरोपी टीपू साह ने मृतका के पिता को फोन कर बताया कि "ममता अब इस दुनिया में नहीं है।" यह सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

प्रदर्शन को देखते हुए बिक्रमगंज थानाध्यक्ष ललन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी पति को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।