1. Home
  2. क्राइम

Saif Ali Khan Attack : हमला कर आराम से सो गया था 'चाकूबाज', फ्लैट में एंट्री से लेकर फरार होने तक उगले कई राज...


Saif Ali Khan Attack : बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali khan) पर 16 जनवरी को हुए हमले के मामले में पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद (Mohammad Sariful Islam) है और वह 30 साल का है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।


हमला कर बस स्टॉप पर सो गया था आरोपी

पुलिस के अनुसार, हमले के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया और बांद्रा के एक बस स्टॉप पर जाकर सो गया। अधिकारियों ने खुलासा किया कि आरोपी सुबह तक वहीं मौजूद रहा और फिर ट्रेन से वर्ली की ओर निकल गया।


पहचान छुपाने के लिए बना बिजॅाय दास

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद बांग्लादेश का नागरिक है। उसने भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया था और पहचान छिपाने के लिए अपना नाम बदलकर बिजॉय दास रख लिया था। वह पिछले पांच महीनों से मुंबई में रह रहा था और इस दौरान उसने विभिन्न जगहों पर अस्थायी काम किया, जिनमें एक हाउसकीपिंग एजेंसी भी शामिल है।


सैफ के घर में घुसने का तरीका

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चोरी की नीयत से बांद्रा स्थित ‘सतगुरु शरण’ बिल्डिंग की सातवीं और आठवीं मंजिल तक सीढ़ियों का सहारा लिया। फिर वह डक्ट क्षेत्र में घुसा और पाइप का इस्तेमाल करके 12वीं मंजिल तक चढ़ गया। उसने बाथरूम की खिड़की से अभिनेता के फ्लैट में प्रवेश किया।


हमले का घटनाक्रम

अंदर घुसने के बाद आरोपी की घरेलू सहायिका से बहस हुई, जिसके दौरान उसने एक करोड़ रुपये की मांग की। शोर सुनकर सैफ अली खान मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस पर आरोपी घबरा गया और सैफ पर चाकू से हमला कर दिया।

सैफ ने तुरंत फ्लैट का दरवाजा बंद कर दिया, लेकिन आरोपी उसी पाइप के रास्ते से भागने में सफल रहा, जिससे वह आया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैग से हथौड़ा, पेचकस, नायलॉन की रस्सी और अन्य सामान बरामद हुआ है, जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाता है।


चौंकाने वाले पुलिस खुलासे

जांच में पता चला है कि आरोपी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसने एक बॉलीवुड अभिनेता पर हमला किया है। यह बात उसे बाद में टेलीविजन और सोशल मीडिया के जरिए पता चली।

पुलिस ने यह भी बताया कि बांद्रा पुलिस थाने का एक अधिकारी घटनास्थल के सीसीटीवी डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) लेकर चला गया था और इसे अपराध शाखा के साथ साझा नहीं किया गया। इस कारण आरोपी को भागने का समय मिल गया।


कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच

आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 311 (गंभीर चोट या हत्या के इरादे से चोरी), धारा 331 (घर में तोड़फोड़) और पासपोर्ट अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी भारत में अवैध रूप से कैसे दाखिल हुआ, उसके पास कौन से दस्तावेज हैं और उसने उन्हें कैसे प्राप्त किया।


अदालत में पेशी और हिरासत

आरोपी को रविवार को बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 24 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अदालत ने कहा कि मामले में अंतरराष्ट्रीय साजिश की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।


सैफ की हालत और इलाज

सैफ अली खान (54) पर हमले के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। चार से पांच घंटे चली इस सर्जरी के बाद सैफ की हालत स्थिर है।


हमले का मकसद और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय साजिश के एंगल से भी जांच जरूरी है। आरोपी ने पहले भी चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया है। घटना के पीछे का असली मकसद जानने के लिए पुलिस गहराई से जांच कर रही है।