1. Home
  2. क्राइम

जौनपुर में अधेड़ की हत्या से सनसनी, स्कूल परिसर में मिला ओमप्रकाश मिश्र का शव; परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग

Murder

 जौनपुर। जौनपुर जिले के सुजानगंज क्षेत्र में 55 वर्षीय ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू मिश्र की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। नारीपुर गांव के रहने वाले ओमप्रकाश का शव सोमवार सुबह हिम्मतनगर स्थित शांती शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल परिसर में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान नारीपुर निवासी ओमप्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू मिश्र, पुत्र ब्रह्मदेव, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने शव घर पर रखकर हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।

ओमप्रकाश मिश्र के परिवार में उनके बड़े बेटे रोहित उर्फ सूरज मिश्र हैं, जो पेशे से अधिवक्ता हैं। उनके छोटे बेटे ऋषभ मिश्र का अभी विवाह नहीं हुआ है। उनकी दो बेटियां भी हैं, जिनमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। मृतक के भाई राजेंद्र उर्फ रज्जन मिश्र पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सुजानगंज के थानाध्यक्ष अमित पांडेय, क्षेत्राधिकारी बदलापुर समेत बदलापुर, महराजगंज और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, सभी की निगाहें पुलिस की जांच और मामले के खुलासे पर टिकी हैं।