वाराणसी में मासूम की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, बोरी में मिला था बच्ची का शव

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में 8 साल की मासूम बच्ची की हत्या के आरोपी मोहम्मद इरशाद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार आधी रात हुई इस घटना में आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने उसे पैर में गोली मारकर पकड़ लिया।
बोरी में मिला था बच्ची का शव
बुधवार सुबह रामनगर के सुजाबाद चौकी क्षेत्र के एक गांव में प्लास्टिक की बोरी में बच्ची का शव मिला। शव अर्धनग्न स्थिति में था और उस पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। बच्ची मंगलवार शाम को घर से बाहर निकली थी और तभी से लापता थी। अगले दिन उसका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर एक स्कूल की बाउंड्री के भीतर मिला।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने पुलिस पर बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने और कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से मना कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी तक विरोध जारी रखा। पुलिस के आश्वासन के बाद ही परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए।
हत्या की खौफनाक कहानी
आरोपी मोहम्मद इरशाद ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने बच्ची को दुकान जाते समय देखा और उसका पीछा किया। लौटते समय उसने बच्ची को अपने घर के बाहर रोका और जबरन घर के अंदर ले गया। नशे की हालत में उसने दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। इसके बाद उसने पत्थर से बच्ची का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रस्सी से बांधकर बोरी में डाल दिया और आधी रात को पास के स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंक दिया।
सीसीटीवी से मिला अहम सुराग
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि वह राज्य से बाहर भागने की कोशिश कर रहा है। चार टीमें बनाकर पुलिस ने घेराबंदी की और मुठभेड़ में उसे पकड़ लिया।
पुलिस लापरवाही पर कार्रवाई
घटना में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद सुजाबाद चौकी इंचार्ज उमेश राय को निलंबित कर दिया गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि चौकी इंचार्ज ने गुमशुदगी की शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं की और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी नहीं दी। मामले में विभागीय जांच जारी है।
बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।
.webp)
