प्रेम की सजा मौत! प्रेमिका के पिता ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट

प्रयागराज। उतरांव थाना क्षेत्र के सराय इस्माइल लालपुर गांव में प्रेम प्रसंग ने एक मासूम जिंदगी छीन ली। नौवीं कक्षा के छात्र शैलेश कुमार यादव (15) की दिल दहला देने वाली हत्या ने पूरे इलाके को झंकझोर कर रख दिया है। शनिवार रात शैलेश का शव खून से लथपथ हालत में घर से 200 मीटर दूर खेत में मिला। गला दबाने के बाद फावड़े से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस को मौके से किशोरी के पिता का मोबाइल फोन, चप्पल, और फावड़ा बरामद हुआ। मामले की जांच के बाद पुलिस ने किशोरी के परिवार के पांच सदस्यों को हिरासत में लिया है।
गांव में तनाव
घटना दो समुदायों के बीच होने के कारण गांव में तनाव फैल गया है। कई परिवार दहशत के कारण अपने घरों को ताला लगाकर चले गए हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कड़ी सुरक्षा तैनात की है।
शैलेश के घर में मातम, ग्रामीणों में आक्रोश
रविवार शाम जब शैलेश का शव घर पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। परिवार के चीत्कार और लोगों के आंसू इस क्रूर घटना की कहानी बयां कर रहे थे। क्षेत्रीय विधायक भी शैलेश के घर पहुंचकर सांत्वना देने आई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किशोरी और शैलेश के प्रेम संबंध की भनक उसके पिता को लग गई थी। घटना के समय शैलेश, किशोरी से मिलने गया था, जहां उसे किशोरी के पिता ने देख लिया। गुस्से में आकर यह खौफनाक वारदात हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या से पहले शैलेश का गला दबाया गया था। सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। यह हत्या प्रेम प्रसंग की वजह से हुई है, इस पर पुलिस जांच जारी है।
शैलेश के पिता अश्वनी कुमार यादव ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस हृदयविदारक घटना ने केवल एक परिवार को नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया।
.webp)
