1. Home
  2. क्राइम

ग्रामीणों ने पकड़ा चोर, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर हुए फरार

ग्रामीणों ने पकड़ा चोर, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर हुए फरार

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के असवारा गांव में बीती रात एक बंद घर में चोरी की सनसनीखेज घटना ने गांव वालों को झकझोर कर रख दिया। हरिजन बस्ती में करीब 2 बजे एक बंद घर में चोरों का गिरोह इत्मीनान से चोरी कर रहा था। तभी पड़ोस की जागरूक युवती पूनम की नजर इन पर पड़ी।

पूनम, जो छत पर बने बाथरूम में गई थी, अचानक कमलेश के बंद घर में जलती हुई लाइट और अजीबोगरीब आवाजें सुनकर चौकन्नी हो गई। उसने स्थिति को भांपते हुए तुरंत अपने पड़ोसियों को जगाया। साहसिक पूनम ने शोर मचाना शुरू कर दिया और "चोर-चोर" की आवाज से गांव को गुंजा दिया।

गांव के लोग बिना देरी किए कमलेश के घर की ओर दौड़े। एक चोर को ग्रामीणों ने मौके पर धर दबोचा और उसकी जमकर खबर ली। लेकिन, मौका पाकर उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए चोर ने अपना नाम और कई झूठे पते बताए।घटना की जानकारी मिलते ही 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसे थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कमलेश और उनके भाई चंडीगढ़ में काम के सिलसिले में रहते हैं, इस कारण घर खाली पड़ा था। ग्रामीणों के साहस और जागरूकता ने एक बड़ी चोरी को न केवल टाला बल्कि अपराधियों को बेनकाब भी किया।