जौनपुर: पुलिस मुठभेड़ में तीन अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, एक घायल

जौनपुर। थाना जलालपुर और नेवढ़िया पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान तीन अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक शातिर चोर, राजू बनवासी, मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ।
पुलिस के अनुसार, चोर हनुमान मंदिर में चोरी की योजना बना रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रेम नगर पुलिया के पास घेराबंदी की। चोरों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की।
घायल चोर राजू बनवासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके दो साथी अशोक बनवासी और बंशीलाल को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस, 30 हजार रुपये नकद और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार चोरों पर अलग-अलग जिलों में कुल 15 मामले दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट भी लग चुका है। पुलिस ने बताया कि ये चोर संगठित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी में एसएचओ घनानंद त्रिपाठी, एसओ अमित कुमार पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अब इन चोरों से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।
.webp)
