1. Home
  2. क्राइम

जफराबाद के बसीरपुर में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, BDC सदस्य सहित दो गंभीर रूप से घायल

जफराबाद के बसीरपुर में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, BDC सदस्य सहित दो गंभीर रूप से घायल

जौनपुर : जफराबाद थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव में रविवार शाम करीब 4 बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव दहल उठा। इस सनसनीखेज घटना में क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) मनीष कुमार गौतम और उनके चचेरे भाई सूरज कुमार गौतम को गोली लग गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण राजन चाकू से घायल हो गया। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सिरकोनी विकासखंड के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वेक्षण के दौरान पात्रों की सूची को लेकर विवाद शुरू हुआ। गांव की वर्तमान प्रधान पूनम निषाद, जो रामहित निषाद की बहू हैं, ने हरिजन बस्ती के आवास आवंटन को लेकर आपत्ति जताई। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष गौतम और उनके चचेरे भाई सूरज गौतम के बीच रामहित निषाद के परिजनों से कहासुनी हो गई।

कहा-सुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि रामहित पक्ष के लोगों ने मनीष पर हमला कर दिया। मनीष जब अपनी बस्ती में जाकर घटना की जानकारी दी, तो गुस्साए ग्रामीण रामहित के घर पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी में मनीष को पेट में दो गोलियां लगीं, जबकि सूरज को एक गोली और राजन को चाकू से घायल कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह, जफराबाद थाना अध्यक्ष जयप्रकाश यादव सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।

गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। घायल मनीष गौतम की मां गीता देवी ने तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।