1. Home
  2. क्राइम

अज्ञात बाइक सवारों ने किया सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

अज्ञात बाइक सवारों ने किया सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार रात अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक सब्जी विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।

घर लौटते समय हुआ हमला


चौकी क्षेत्र के जंगीपुर निवासी प्रकाश बिंद सराय मोहिउद्दीनपुर अखण्डनगर मार्ग पर सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार रात करीब नौ बजे, दुकान बंद कर वह अपने ठेले के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वह बाजार से आगे माइनर के पास पहुंचा, तभी दो बाइकों पर सवार पाँच नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

हमलावर फरार, पुलिस कर रही जांच

प्रकाश पर हुए हमले को देखकर पीछे से आ रहे एक अन्य दुकानदार ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने घायल प्रकाश को तुरंत शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म है। वहीं, पुलिस चौकी प्रभारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि अभी तक पीड़ित या उसके परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच जारी है।