जमीनी विवाद में टीन शेड लगाने को लेकर बवाल, पुलिस पर हमला, चार कर्मी घायल

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के मेघपुर गांव में बुधवार सुबह विवादित जमीन पर टीन शेड लगाने को लेकर तनाव बढ़ गया। विवाद ने उग्र रूप ले लिया, और सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस पथराव में एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मामला विवादित जमीन का है, जिस पर पहले से दीवानी न्यायालय में सुनवाई चल रही है। जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन पर एक पक्ष के लोगों ने टीन शेड लगाने का प्रयास किया। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध करते हुए 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने पर थाना प्रभारी की टीम को बुलाया गया।
पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल
थाने से पहुंचे उप निरीक्षक विजय कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रभात मौर्य, महिला कांस्टेबल गीता देवी और किरण पर पथराव किया गया। पुलिस पर हमला करने वालों में 10-15 महिलाएं और पुरुष शामिल थे।
मुकदमा दर्ज, छह गिरफ्तार
उप निरीक्षक विजय कुमार सिंह और अनीश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 10 नामजद और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जौनपुर में जमीनी विवाद में तीन सेट लगाने को लेकर बवाल, पुलिस पर हमला, चार पुलिसकर्मी घायल#jaunpur pic.twitter.com/2I7H9bqtSB
— Rajniti Buzz (@rajnitibuzz7651) December 19, 2024
ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए आरोप
दूसरी ओर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने टीन शेड गिराया और विरोध करने पर घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की। उनका यह भी आरोप है कि पुलिस ने घर का सामान तोड़ा और जेवरात व नगदी ले गई।
क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत कुमार रजक ने बताया कि मामला जमीनी विवाद का है। न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद एक पक्ष ने टीन शेड लगाने का प्रयास किया। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
.webp)
