नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी करने वालाा रेलकर्मी गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप

वाराणसी। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी करने के आरोप में एक रेलकर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सुभाषचंद्र ने छह लाख रुपये लेकर पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुभाषचंद्र वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा का रहने वाला है। पीड़ित संतोष कुमार यादव, जो चौरीचौरा गांव के निवासी हैं, ने 10 सितंबर 2020 को पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात सुभाष से रेलवे की बिछिया कॉलोनी में हुई थी। सुभाष ने उन्हें बताया कि वह रेलकर्मी है और रेलवे में नौकरी दिलवा सकता है, लेकिन इसके लिए उन्हें छह लाख रुपये देने होंगे। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने पहले पांच लाख रुपये एकमुश्त और फिर बाकी रुपये किस्तों में दिए।
आरोपी ने 27 अक्टूबर 2020 को पीड़ित को एक फर्जी नियुक्ति पत्र दिया, जो गोरखपुर और लखनऊ मंडल के कार्यालय के फर्जी हस्ताक्षर से जारी था। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद जब पीड़ित नौकरी के लिए संबंधित कार्यालय में पहुंचा, तो उसे यह फर्जीवाड़ा पता चला। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
एसएसपी ने मामले की जांच का आदेश दिया, और जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी लंबे समय से फरार था, लेकिन अब चौरीचौरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
सीओ चौरीचौरा, अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है, और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
.webp)
