1. Home
  2. क्राइम

जौनपुर में हाईवे किनारे पॉलिथीन में मिला युवती का शव, हाथ-पैर मिले कटे, जांच में जुटी पुलिस

यय

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर तिराहे के पास नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों से एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काले रंग की पॉलिथीन में लपेटकर फेंका गया था। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी सूचना

रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ी एक संदिग्ध काली पॉलिथीन पर गई। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पॉलिथीन खोलकर देखा तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला।

पुलिस के अनुसार, शव के दोनों हाथ और पैर कटे हुए थे, जिससे अंदेशा है कि महिला की बेहद बेरहमी से हत्या की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को वहां फेंका गया। घटनास्थल से एक काले रंग का लोअर और प्रिंटेड समीज भी बरामद हुई है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के इलाके की गहन जांच की जा रही है।

शिनाख्त का प्रयास, CCTV और सर्विलांस की मदद

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।