1. Home
  2. क्राइम

बसीरपुर गोलीकांड: आरोपी को छोड़ने की मांग को लेकर महिलाओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

बसीरपुर गोलीकांड: आरोपी को छोड़ने की मांग को लेकर महिलाओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

जौनपुर। सिरकोनी क्षेत्र के बसीरपुर गांव में 2 फरवरी को हुए गोलीकांड के आरोपी प्रधान प्रतिनिधि रामहित निषाद को छोड़ने की मांग को लेकर उनकी पत्नी निर्मला निषाद के नेतृत्व में महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की रिहाई की मांग की।

बसीरपुर गोलीकांड: आरोपी को छोड़ने की मांग को लेकर महिलाओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद सूचना पाकर लाइन बाजार थाना प्रभारी सतीश सिंह मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाकर शांत कराया।

क्या है मामला?

2 फरवरी, रविवार को आवास योजना के लाभार्थियों के चयन को लेकर ग्राम प्रधान के परिजनों और बीडीसी सदस्य मनीष कुमार के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान गोली चलने से बीडीसी मनीष कुमार समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया।

इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि प्रधान प्रतिनिधि रामहित निषाद की गिरफ्तारी को लेकर विरोध हो रहा है।

घटना के बाद बढ़ा तनाव

गोलीकांड के अगले दिन गांव में अराजक तत्वों ने देशी शराब की दुकान के पीछे रखे मड़हे में आग लगा दी और अर्धनिर्मित करकट में तोड़फोड़ की। इसके बाद शराब ठेके के अनुज्ञापी ने बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।

गांव में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जफराबाद थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने दोनों पक्षों के 132 लोगों को शांति भंग की धारा में पाबंद कर एक-एक लाख रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र पर रिहा किया।

इस पूरे प्रकरण में अब गांव में तनाव बरकरार है और आरोपी की रिहाई को लेकर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है।