1. Home
  2. क्राइम

Year Ender 2024: मां बनी बेटे की कातिल से लेकर प्रेमी ने प्रेमिका के किए 59 टुकड़े तक, साल 2024 के 6 खौफनाक वारदात


Year Ender 2024: हर जाता हुआ साल अपने साथ कई घटनाएं और स्मृतियां छोड़ जाता है। ये साल भी कुछ ऐसा ही रहा, जिसमें कई सनसनीखेज अपराध देखने को मिले। इनमें से कुछ अपराध इतने भयावह और हैरतअंगेज थे जिन्हें सुनकर हर किसी की रूह कांप जाती है। आज हम आपको 6 ऐसे क्राइम केस के बारे में बताएंगे, जो देश में खूब सुर्खियों में रहे। इनके अपराधों को जानकर आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि क्या ऐसे भी इंसान दुनिया में होते हैं? क्या कोई इतना खौफनाक क्राइम भी कर सकता है? तो चलिए जानते हैं इस साल (Year Ender 2024) सुर्खियों में रहे साइको किलर्स की कहानियां…

1 गोवा : मां ने की मासूम बेटे की हत्या

    पहला केस है गोवा से है, यहां एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने सभी को सन्न कर दिया। माइंडफुल एआई लैब की फाउंडर और सीईओ, सूचना सेठ (39) ने अपने चार साल के बेटे को मार डाला। सूचना, जो तलाक के बाद अकेली रह रही थी, अपने बेटे को बेंगलुरु से गोवा घूमाने लाई। लेकिन 6 जनवरी की रात उसने होटल के कमरे में बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद शव को सूटकेस में रखकर बेंगलुरु लौटने की कोशिश की। हालांकि, इस अपराध का जल्द ही पर्दाफाश हो गया, और सूचना को गिरफ्तार कर लिया गया।

    जानकारी के मुताबिक, सूचना को कोर्ट का फैसला मंजूर नहीं था, जिसमें कहा गया था कि उसके पति को बेटे से हफ्ते में एक दिन मिलने की अनुमति होगी। अपनी सनक में उसने अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया।

    2. बुलंदशहर: 'संजय दत्त' का फैन बना साइको किलर

      उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जून महीने में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया। अदनान उर्फ बल्लू नाम के व्यक्ति ने, जो खुद को संजय दत्त का फैन बताता है, अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। बल्लू पहले से शादीशुदा था, लेकिन एक अन्य शादीशुदा महिला से अफेयर में था। जब उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका अन्य पुरुषों से भी बात करती है, तो वह आगबबूला हो गया। उसने उसे कब्रिस्तान में बुलाकर हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद बल्लू ने कहा, "मैं धोखा बर्दाश्त नहीं कर सकता।"

      3. बरेली: 11 महिलाओं की बेरहमी से हत्या

        बरेली, उत्तर प्रदेश से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां एक साइको किलर ने 11 महिलाओं की बेरहमी से हत्या कर डाली। आरोपी कुलदीप गंगवार महिलाओं से नफरत करता था और उन्हें मारकर उनका गहना अपने पास रखता था। पुलिस की जांच में पता चला कि कुलदीप की पत्नी ने उसे छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से अस्थिर हो गया। अपनी कुंठा में उसने यह जघन्य अपराध किया।

        4. कोलकाता: डॉक्टर की हत्या और रेप का मामला

          पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 10 अगस्त को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। संजय रॉय नामक व्यक्ति ने एक महिला डॉक्टर के साथ पहले रेप किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। संजय, जो पुलिस वालंटियर के रूप में काम करता था, ने इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया। वह पांच बार शादी कर चुका था, लेकिन हर बार उसकी पत्नियां उसे छोड़कर चली गईं।

          5. बेंगलुरु: प्रेम में पागल प्रेमी ने प्रेमिका के किए 59 टुकड़े

            कर्नाटक के बेंगलुरु में सितंबर में महालक्ष्मी नामक महिला की हत्या हुई। आरोपी मुक्ति रंजन रॉय, जो ओडिशा का रहने वाला था, ने महालक्ष्मी के 59 टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्रिज में रख दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी महालक्ष्मी को टॉर्चर करता था। हत्या के बाद वह ओडिशा भाग गया, जहां उसने आत्महत्या कर ली।

            6. गुजरात: 5 राज्यों में अपराध का खूनी खेल

              गुजरात पुलिस ने इस साल राहुल सिंह जाट नामक साइको किलर को गिरफ्तार किया, जिसने 5 राज्यों में कई हत्याएं की थीं। वलसाड में एक 19 वर्षीय लड़की से रेप और हत्या के बाद आरोपी को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि वह महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भी वारदात कर चुका था। केवल 11 दिनों में उसने 5 लोगों की हत्या की थी।