1. Home
  2. धर्म

गणतंत्र दिवस : श्रीकाशी विश्वनाथ का हुआ तिरंगा श्रृंगार, राष्ट्रीय धव्ज में सजे काशीपुराधिपति के रूप ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध

गणतंत्र दिवस : श्रीकाशी विश्वनाथ का हुआ तिरंगा श्रृंगार, राष्ट्रीय धव्ज में सजे काशीपुराधिपति के रूप ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध

वाराणसी: गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम (Shri Kashi Vishwanath Dham) में भव्य आयोजन हुआ। बाबा विश्वनाथ के दरबार में राष्ट्रभक्ति और आस्था का संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयघोष के साथ काशीपुराधिपति के राष्ट्रीय श्रृंगार के दर्शन किए।

गणतंत्र दिवस : श्रीकाशी विश्वनाथ का हुआ तिरंगा श्रृंगार, राष्ट्रीय धव्ज में सजे काशीपुराधिपति के रूप ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध

भोग आरती में हुआ राष्ट्रीय श्रृंगार

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में इस अवसर पर भोग आरती के दौरान बाबा का तिरंगे के रंगों वाले फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। लाखों श्रद्धालुओं ने इस मनोहारी दृश्य के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। मंदिर का वातावरण राष्ट्रभक्ति के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

ध्वजारोहण समारोह का आयोजन

प्रातः काल नीलकंठ भवन स्थित प्रशासनिक कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर शम्भू शरण, नायब तहसीलदार मिनी एल. शेखर समेत श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्र की एकता, अखंडता और शांति की कामना के साथ सभी ने देश की प्रगति के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। न्यास ने कहा, "हम बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं कि सभी के जीवन में सत्य, धर्म और सनातन के मार्ग का प्रकाश बना रहे।"

आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति का संगम

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक रहा। धाम में जुटे श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर राष्ट्रसेवा और सुख-समृद्धि का संकल्प लिया।