Mahakumbh 2025 : साध्वी बनकर रहेंगी Apple फाउंडर स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल, करेंगी संगम स्नान और कल्पवास, जानें इसका महत्व

Mahakumbh 2025 : 12 साल बाद होने वाले सबसे बड़े धार्मिक आयोजन महाकुंभ का शुभारंभ 13 जनवरी 2025 से हो रहा है, जो 26 फरवरी 2025 तक चलेगा। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, साधु-संत और आध्यात्मिक साधक भाग लेंगे। विश्वभर से कई प्रमुख हस्तियां भी इस महाकुंभ में शामिल हो रही हैं। इन्हीं में से एक हैं एप्पल के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल (Laurene Powell Jobs), जो संगम में पवित्र स्नान करेंगी और 29 जनवरी तक संगम की रेती पर कल्पवास करेंगी। आइए जानते हैं कि ये कल्पवास क्या होता है और इस दौरान लॅारेन की दिनचर्या कैसी होगी।
लॉरेन पॉवेल का हिंदू धर्म से जुड़ाव
लॉरेन पॉवेल का हिंदू और बौद्ध धर्म के प्रति गहरा लगाव है। अरबपति कारोबारी लॉरेन पौष पूर्णिमा पर अन्य वीवीआईपी महिलाओं के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद के शिविर में उनके ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।
कल्पवास का महत्व
कल्पवास हिंदू धर्म की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जो आत्म-शुद्धि, संयम, और कठोर साधना पर आधारित है। इसका उल्लेख महाभारत और रामचरितमानस जैसे ग्रंथों में मिलता है। कल्पवास शब्द संस्कृत से आया है, जिसमें "कल्प" का अर्थ है ब्रह्मांडीय युग और "वास" का मतलब है निवास।
कल्पवास का कुंभ में महत्व
महाकुंभ के दौरान संगम (गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम स्थल) पर कल्पवास का विशेष महत्व है। यह एक आध्यात्मिक साधना है, जिसमें श्रद्धालु एक माह तक संगम तट पर रहकर तप, ध्यान और प्रार्थना करते हैं। वे सांसारिक सुख-सुविधाओं को त्यागकर संयमित जीवन जीते हैं।
कल्पवास के दौरान पालन किए जाने वाले नियम:
- संगम तट पर अस्थायी डेरे में रहना।
- सुबह जल्दी उठकर पवित्र नदी में स्नान करना।
- साधु-संतों के प्रवचन सुनना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेना।
- सात्विक भोजन करना और कठोर नियमों का पालन करना।
- भजन-कीर्तन और ध्यान साधना करना।
कुंभ में कल्पवास का महत्व
- आध्यात्मिक शुद्धि: कुंभ मेले में कल्पवास आत्मा को पवित्र और मन को शांत करने का अवसर प्रदान करता है।
- पुण्य लाभ: मान्यता है कि संगम में स्नान और कल्पवास करने से पिछले जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं।
- धर्म और संस्कृति का प्रचार: साधु-संतों और गुरुओं के सत्संग से श्रद्धालु धर्म और संस्कृति के गूढ़ रहस्यों को समझते हैं।
- साधना और संयम: यह साधकों को आत्म-अनुशासन और सादगी का अभ्यास करने का अवसर देता है।
- समाज के साथ जुड़ाव: कल्पवास के दौरान लोग समाज और आध्यात्मिक समुदाय के साथ जुड़ते हैं, जो भाईचारे को बढ़ावा देता है।
अन्य प्रमुख हस्तियां भी होंगी शामिल
महाकुंभ में देश की अन्य प्रभावशाली महिलाएं भी शामिल होंगी। सुधा मूर्ति संगम में स्नान करेंगी और उनके लिए उल्टा किला के पास विशेष कॉटेज बनाया गया है। सावित्री देवी जिंदल स्वामी अवधेशानंद और चिदानंद मुनि के शिविरों में रुकेंगी। इसके अलावा, हेमा मालिनी जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के शिविर में ठहरेंगी।
महाकुंभ 2025 के इस ऐतिहासिक आयोजन में न केवल आस्था और आध्यात्मिकता बल्कि दुनिया भर की प्रमुख हस्तियों का संगम भी देखने को मिलेगा।
.webp)
