1. Home
  2. धर्म

वृंदावन में जन्माष्टमी की तैयारियां तेज, बांके बिहारी की मंगला आरती के लिए नई गाइडलाइन जारी, बिना पास नो एंट्री

banke bihari

वृंदावन। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्म के बाद होने वाली ऐतिहासिक मंगला आरती को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार चार और पांच सितंबर की मध्यरात्रि 1:45 बजे मंगला आरती होगी। जन्माष्टमी पर देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वृंदावन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन और हाई पावर कमेटी ने प्रवेश से लेकर सुरक्षा तक के इंतजाम कड़े कर दिए हैं।

मंगला आरती के दौरान मंदिर में सिर्फ 600 श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए हाई पावर कमेटी की ओर से जारी विशेष पास अनिवार्य होगा। बिना पास किसी भी श्रद्धालु को मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। सेवायतों के साथ आने वाले उनके यजमानों के लिए भी पास जरूरी रहेगा। वहीं, मंगला आरती की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए भी पास व्यवस्था लागू की गई है।

मंगला आरती पूरी होने के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। इसके बाद ठाकुर बांके बिहारी जी पूरी रात भक्तों को दर्शन देंगे। सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर के पट बंद होंगे और इसके बाद नियमित समय-सारिणी के अनुसार दर्शन शुरू होंगे।

पिछली व्यवस्था पर उठे सवाल

हाई पावर कमेटी की बैठक में पिछली मंगला आरती के दौरान मंदिर परिसर के भीतर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का मुद्दा भी उठा। सेवायतों ने इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए।

इस बार सीमित रहेगा सुरक्षा घेरा

कमेटी अध्यक्ष अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि इस बार मंदिर के अंदर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों की संख्या सीमित रखी जाएगी। सुरक्षा से किसी तरह का समझौता किए बिना जरूरत के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। साथ ही मंदिर परिसर में विशेष निगरानी और प्रवेश नियंत्रण पर जोर रहेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर भी मंदिर की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। इससे पहले कमेटी अध्यक्ष ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्रा, सेवायत हिमांशु गोस्वामी, रजत गोस्वामी, शैलेंद्र गोस्वामी, शेंकी गोस्वामी, मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।