भक्तों का इंतजार हुआ खत्म, महाशिवरात्रि पर हो गया केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख का ऐलान

Kedarnath Yatra: उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम के कपाट खुलने को लेकर भक्तों का इंतजार अब खत्म हो गया है। भगवान केदारनाथ के कपाट 2 मई को प्रातः 7 बजे भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर की घोषणा बाबा के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में की गई। इस दौरान केदारनाथ रावल भीमशंकर लिंग सहित कई संत-महात्मा उपस्थित रहे।
चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर
चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यातायात, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खुलेंगे
केदारनाथ के अलावा बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को प्रातः 6 बजे खोले जाएंगे। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की गई। यह घोषणा बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर नरेंद्रनगर (टिहरी) स्थित राजदरबार में की गई।
30 अप्रैल से होगी चारधाम यात्रा की शुरुआत
इस वर्ष चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल (अक्षय तृतीया) से होगी। इससे पहले मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी थी कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) को पंचांग गणना के आधार पर तय की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते वर्ष नवंबर में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए गए थे, क्योंकि शीतकाल के दौरान ये पवित्र धाम बंद रहते हैं। अब कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के साथ ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
.webp)
