CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब से साल में दो बार एग्जाम देने का मिलेगा मौका

CBSE Borad 10th Borad Exam New Rule : अगर आप या आपके बच्चे 10वीं की पढ़ाई कर रहे हैं, तो यह खबर बेहद अहम है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026 से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। इस बदलाव के तहत छात्रों को साल में दो बार परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा। इसका मकसद छात्रों पर परीक्षा का मानसिक बोझ कम करना और उन्हें बेहतर अंक हासिल करने का दूसरा अवसर देना है।
क्या है नया बदलाव?
CBSE के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के अनुसार, अब 10वीं की बोर्ड परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी—
-
पहली परीक्षा फरवरी में
-
दूसरी परीक्षा मई में
लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि पहली परीक्षा में शामिल होना सभी छात्रों के लिए जरूरी होगा। जबकि दूसरी परीक्षा पूरी तरह से वैकल्पिक होगी। यानी, यदि कोई छात्र पहले प्रयास में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है, तो वह मई में दोबारा परीक्षा देकर अच्छे अंक पाने की कोशिश कर सकता है।
इस फैसले के पीछे क्या है कारण?
यह बदलाव नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) की सिफारिशों के अनुरूप किया गया है। CBSE का मानना है कि एक परीक्षा से छात्र की पूरी क्षमता का मूल्यांकन नहीं हो पाता। इसलिए यह लचीलापन छात्रों को न केवल दबाव से मुक्त करेगा, बल्कि उन्हें अपनी गलतियों से सीखने और सुधारने का मौका भी देगा।
यह नया सिस्टम छात्रों को अधिक आत्मविश्वास, बेहतर तैयारी और अच्छे नतीजों की दिशा में मददगार साबित हो सकता है।
.webp)
