1. Home
  2. शिक्षा

NTA ने जारी किया UGC NET 2024 का रिजल्ट, यहां देखें रिजल्ट और कट-ऑफ

NTA ने जारी किया UGC NET 2024 का रिजल्ट, यहां देखें रिजल्ट और कट-ऑफ


UGC NET Result December 2024 : नेट जेआरएफ परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 22 फरवरी 2025 को यूजीसी नेट दिसंबर 2024 का परिणाम घोषित कर दिया है, जिससे उम्मीदवारों ने चैन की सांस ली। यह परीक्षा दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में आयोजित की गई थी। यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा 3, 6, 7, 8, 9, 10, 16, 21 और 26 जनवरी को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

एनटीए ने परिणाम के साथ श्रेणीवार (UR, OBC, ST, SC, EWS और PWD) और विषयवार कट-ऑफ अंक भी जारी कर दिए हैं, जिससे उम्मीदवार अपनी पात्रता की पुष्टि कर सकते हैं।

यूजीसी नेट रिजल्ट ऐसे करें चेक

एनटीए द्वारा घोषित यूजीसी नेट दिसंबर 2024 का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन कर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं:

  1. आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. होमपेज पर 'UGC NET December 2024 Result' लिंक पर क्लिक करें।
  3. आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन करें।
  4. रिजल्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।

इस परीक्षा में कुल 6,49,490 उम्मीदवारों ने भाग लिया था, जिनमें से 5,158 उम्मीदवारों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और सहायक प्रोफेसर दोनों के लिए पात्र घोषित किया गया है, जबकि 48,161 उम्मीदवारों को केवल सहायक प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए योग्य माना गया है।

नेट जेआरएफ क्यों है महत्वपूर्ण?

यूजीसी नेट जेआरएफ (UGC NET JRF) एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जिसे शिक्षण और शोध क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आयोजित किया जाता है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) हर साल इस परीक्षा का आयोजन करती है।

जो उम्मीदवार JRF क्वालीफाई करते हैं, उन्हें प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में पीएचडी करने का अवसर मिलता है, साथ ही उन्हें सरकार द्वारा फेलोशिप प्रदान की जाती है। इसके अलावा, नेट क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवारों को देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता मिलती है।

इस परीक्षा को पास करना उन छात्रों के लिए बेहद जरूरी है, जो उच्च शिक्षा और शोध कार्य में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।