Paper Leak 2024 : NEET-UG से लेकर BPSC तक, साल 2024 में इन परीक्षाओं में पेपर लीक ने मचाया बवाल

Paper Leak 2024 : साल 2024 में देशभर में कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आई, जिसने लाखों छात्रों के सपनों को तोड़ दिया। इन घटनाओं ने न सिर्फ छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किए, बल्कि हमारी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए । आज हम उन प्रमुख परीक्षाओं का जिक्र करेंगे, जो इस साल पेपर लीक की वजह से विवादों में रहीं।
Paper Leak 2024 : प्रमुख पेपर लीक घटनाएं
- आईएससी केमिस्ट्री पेपर लीक
26 फरवरी को आईएससी कक्षा 12 के रसायन विज्ञान के पेपर लीक की खबरें सामने आईं। इसे रद्द कर 21 मार्च को पुनः आयोजित किया गया। हालांकि, इस मामले की पुष्टि नहीं हो पाई कि पेपर वास्तव में लीक हुआ था या नहीं।
- यूपी बोर्ड कक्षा 12 के जीव विज्ञान और गणित पेपर लीक
29 फरवरी को आगरा में यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान व्हाट्सएप पर "ऑल प्रिंसिपल्स आगरा" नामक ग्रुप में पेपर लीक हो गया। हालांकि, परीक्षा पहले ही संपन्न हो चुकी थी, लेकिन यह घटना प्रशासन की तैयारी पर सवाल उठाती है।
- यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा
17 और 18 फरवरी को हुई यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा के पेपर लीक की शिकायतें सामने आईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे गंभीरता से लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी और छह महीने के भीतर पुनः परीक्षा आयोजित कराने का आदेश दिया।
- नीट यूजी पेपर लीक
नीट यूजी 2024 के नतीजों में 67 छात्रों का पूर्ण अंक हासिल करना विवादों का कारण बना। पटना पुलिस ने पेपर लीक की आशंका में एफआईआर दर्ज की और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।
- यूजीसी नेट परीक्षा
18 जून को आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा को गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम समन्वय केंद्र से मिले इनपुट के बाद रद्द कर दिया गया। यह फैसला परीक्षा की अखंडता पर उठे सवालों के कारण लिया गया।
- नीट पीजी परीक्षा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने 23 जून को होने वाली नीट पीजी परीक्षा रद्द कर दी। हाल के पेपर लीक के मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया। नई तारीखों की घोषणा बाद में की गई।
- सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा
25 से 27 जून तक होने वाली सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया। यह परीक्षा कब आयोजित होगी, इसकी जानकारी बाद में दी गई।
- राजस्थान पुलिस एसआई परीक्षा
सितंबर में हुई राजस्थान पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की खबरें सामने आईं। एसओजी की जांच में दो गिरोह पकड़े गए। परीक्षा में 7.97 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
- बिहार सीएचओ परीक्षा
दिसंबर में बिहार सीएचओ परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द कर दी गई। इस मामले में अब तक 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
- बीपीएससी 70वीं सीसीई परीक्षा
13 दिसंबर को हुई बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा में पेपर लीक के आरोप लगे। आयोग ने इन आरोपों को खारिज करते हुए 34 छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
- छत्तीसगढ़ कांस्टेबल भर्ती परीक्षा
25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के चलते इसे रद्द कर दिया। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
-
.webp)
