1. Home
  2. शिक्षा

UP Board Exam Result Date 2025 : यूपी बोर्ड रिजल्ट को लेकर वायरल लेटर फर्जी, बोर्ड ने बताया कब जारी होंगे परिणाम

UP Board Result

 UP Board Exam Result Date 2025 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं दे चुके लाखों छात्रों को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक लेटर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम 15 अप्रैल 2025 को दोपहर 2 बजे जारी किया जाएगा। इस कथित लेटर के सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में हलचल मच गई।

परिषद ने कहा- वायरल लेटर फर्जी

सोशल मीडिया पर जो पत्र वायरल हो रहा है, वह माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव के नाम से जारी दिखाया गया है। पत्र में कहा गया है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजे 15 अप्रैल को घोषित होंगे और इन्हें बोर्ड की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।

हालांकि, इस दावे को बोर्ड ने खारिज कर दिया है। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह पत्र पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक है। उन्होंने बताया कि अभी रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है, और किसी भी प्रकार की झूठी या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें।

छात्रों से की गई अपील

बोर्ड ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट — www.upmsp.edu.in या www.upmspresults.nic.in — से ही रिजल्ट से जुड़ी जानकारी प्राप्त करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी असत्य या बिना पुष्टि के लेटर पर ध्यान न दें।

कब आ सकता है असली रिजल्ट?

बोर्ड की ओर से यह भी बताया गया है कि 10वीं और 12वीं की सभी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी हो चुकी है, और परिणाम तैयार किया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यूपी बोर्ड रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, अब तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।