UP Board Result 2025: नई मार्कशीट होगी वॉटरप्रूफ, धूप-छांव में बदलेगी रंग, जानें कब आएगा रिजल्ट और क्या होंगे बदलाव

UP Board Result 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित करने जा रहा है। इस साल करीब 54 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि यूपी बोर्ड अप्रैल के आखिरी सप्ताह तक 2025 का रिजल्ट जारी कर देगा। पिछले साल यह परिणाम 20 अप्रैल को घोषित हुआ था, इसलिए इस बार भी इसी समय के आसपास परिणाम आने की संभावना है।
रिजल्ट से पहले करें पंजीकरण
छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट जारी होने से पहले ही संबंधित वेबसाइट पर पंजीकरण कर लें, ताकि परिणाम घोषित होते ही उन्हें नोटिफिकेशन के जरिए सबसे पहले जानकारी मिल सके और वे तुरंत अपना रिजल्ट देख सकें।
मार्कशीट में होंगे बड़े बदलाव
इस बार यूपी बोर्ड की मार्कशीट में कई बड़े और तकनीकी बदलाव किए गए हैं, जिससे छात्रों की मार्कशीट अधिक सुरक्षित और टिकाऊ होगी।
अब पानी से नहीं होगी खराब
नई मार्कशीट वॉटरप्रूफ होगी यानी उस पर पानी गिरने से भी कोई नुकसान नहीं होगा। पहले की तरह मार्कशीट को अत्यधिक संभालकर रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
धूप-छांव में दिखेगी अलग रंग
बोर्ड ने मार्कशीट में सुरक्षा फीचर्स बढ़ाते हुए यह नया प्रयोग किया है कि अब यह धूप में लाल रंग की दिखेगी, जबकि छांव में सामान्य रंग में नजर आएगी। इससे इसकी प्रमाणिकता की पहचान भी आसानी से हो सकेगी।
फाड़ना भी नहीं होगा आसान
मार्कशीट को इतनी मजबूत सामग्री पर छापा जाएगा कि उसे फाड़ना भी आसान नहीं होगा। इससे जालसाजी की संभावना को कम किया जा सकेगा।
ए-4 साइज की होगी मार्कशीट
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) हरिशचंद नाथ के अनुसार, इस बार छात्रों को मिलने वाली मार्कशीट ए-4 साइज में होगी, जो कि अन्य बोर्ड्स की तरह एक स्टैंडर्ड साइज है।
फोटोकॉपी में दिखेगा "फोटोकॉपी"
नई तकनीक के अनुसार, अगर इस मार्कशीट की छायाप्रति (फोटोकॉपी) करवाई जाएगी तो उस पर "फोटोकॉपी" लिखा हुआ स्वतः दिखाई देगा, जिससे असली और नकली की पहचान करना आसान हो जाएगा।
ओवरराइटिंग नहीं हो सकेगी
मार्कशीट पर किसी प्रकार की ओवरराइटिंग संभव नहीं होगी। इससे उसमें कोई छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी।
.webp)
