1. Home
  2. शिक्षा

UP Board Result 2025: जांची जा चुकी हैं यूपी बोर्ड की कापियां! इस डेट पर आ सकता है रिजल्ट

UP Board Result

UP Board Result 2025 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी होने की तैयारी अंतिम चरण में है और बोर्ड के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, यह परिणाम इसी सप्ताह, यानी 25 या 26 अप्रैल को जारी किया जा सकता है। सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से रिजल्ट की तारीख को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे, जिन पर अब यूपी बोर्ड ने विराम लगाते हुए संभावित तारीखों की ओर इशारा कर दिया है।

इस वर्ष की परीक्षा में कुल 54,37,233 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों वर्गों के विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें से 51,34,725 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 3,02,508 छात्र अनुपस्थित रहे। इस आंकड़े से साफ है कि कुल 94.44 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जो कि बीते वर्षों की तुलना में बेहतर भागीदारी को दर्शाता है।

परीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया 19 मार्च से प्रारंभ की गई थी। इस कार्य के लिए राज्यभर में कुल 261 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। मूल्यांकन का कार्य दो अप्रैल तक समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे अधिकांश केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, 236 केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य 31 मार्च को ही समाप्त हो गया था, जबकि शेष 25 केंद्रों पर अंतिम चरण में 49,194 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इनमें से 24 केंद्रों पर कार्य पूर्ण हो चुका है और अब बोर्ड रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया के अंतिम दौर में है।

बोर्ड सूत्रों के अनुसार, परीक्षा परिणाम को लेकर सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, ताकि रिजल्ट जारी होते समय किसी प्रकार की कोई तकनीकी बाधा न आए। रिजल्ट जारी होने के साथ ही यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर छात्र अपने रोल नंबर की मदद से परिणाम देख सकेंगे।

राज्य के लाखों छात्र और उनके अभिभावक अब बेसब्री से उस घड़ी का इंतजार कर रहे हैं जब उनके मेहनत का फल सामने आएगा। शिक्षा विभाग भी इस पूरे प्रक्रिया की निगरानी में जुटा हुआ है और बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो 25 या 26 अप्रैल को यूपी बोर्ड का परिणाम सार्वजनिक कर दिया जाएगा।