1. Home
  2. शिक्षा

UPSC Result 2024 : दफ्तर में काम करते वक्त आया रिजल्ट और PCS से IAS बन गई सौम्या मिश्रा, कहा- फेल होने के बाद...

Soumya Sharma

UPSC Result 2024 : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 2024 की सिविल सेवा परीक्षा का फाइनल परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें मड़िहान तहसील में तैनात एसडीएम सौम्या मिश्रा (SDM Soumya Mishra) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 18वीं रैंक हासिल की है। सौम्या पहले ही यूपी पीसीएस 2021 परीक्षा में द्वितीय स्थान पर रही थीं और वर्तमान में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं।

रिजल्ट ऑफिस में काम के दौरान आया और जैसे ही सौम्या को इसकी सूचना मिली, उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। अब वे आईएएस अधिकारी बन चुकी हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह उनका चौथा प्रयास था—पहले तीन प्रयासों में उन्हें असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और निरंतर प्रयास करती रहीं।

उन्नाव की रहने वाली हैं सौम्या, दिल्ली में हुई पढ़ाई

सौम्या मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ताल्लुक रखती हैं। उनकी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा दिल्ली में हुई। उनके पिता राघवेंद्र मिश्रा दिल्ली सरकार में हिंदी के प्रोफेसर हैं, जबकि उनकी मां रेणु मिश्रा गृहिणी हैं।

SDM Soumya Mishra

दूसरे प्रयास में बनी थीं पीसीएस, चौथे में हासिल की आईएएस रैंक

सौम्या ने बताया कि उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा में पहली बार असफलता का सामना किया था। दूसरे प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुंचीं लेकिन चयन नहीं हुआ, और तीसरे प्रयास में तो प्रारंभिक परीक्षा भी पार नहीं कर पाईं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और चौथे प्रयास में सफलता का परचम लहराया।

काम और पढ़ाई के बीच साधा संतुलन

उनका कहना है कि वर्तमान में एसडीएम न्यायिक के रूप में काम करते हुए उन्हें पढ़ाई का भी अच्छा समय मिल गया। उन्होंने खास तौर पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन का आभार जताया, जिन्होंने एक संरक्षक की तरह मार्गदर्शन और सहयोग दिया। सौम्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और प्रोफेसरों को दिया है।

संदेश: हार मानना नहीं, मेहनत जारी रखें

अपनी सफलता की कहानी से सौम्या ने यह संदेश दिया है कि असफलता अंत नहीं है। अगर मन में लगन हो और मेहनत निरंतर जारी रखी जाए, तो सफलता एक दिन जरूर मिलती है।