1. Home
  2. चुनाव

Bihar Chunav 2025 : बीजेपी ने जारी की 71 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, दो डिप्टी सीएम समेत 12 मंत्रियों को मिला टिकट

Bihar Chunav

Bihar Chunav 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने कई दिग्गज नेताओं, मंत्रियों और विधायकों पर भरोसा जताया है। खास बात यह है कि दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उनकी परंपरागत सीटों, तारापुर और लखीसराय से टिकट मिला है। इसके अलावा सूची में 12 मंत्रियों और 9 महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है।

12 मंत्रियों को मिला फिर से मौका

बीजेपी ने अपनी पहली सूची में 12 मंत्रियों को टिकट देकर उन पर विश्वास जताया है। इनमें प्रमुख नाम हैं —

  • सम्राट चौधरी (तारापुर)

  • विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय)

  • मंगल पांडेय (स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री)

  • रेणु देवी (पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री, बेतिया)

  • नीतीश मिश्रा (उद्योग मंत्री)

  • संजय सरावगी (राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री)

  • नीरज कुमार सिंह बबलू (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री)

  • जीवेश कुमार मिश्रा (नगर विकास एवं आवास मंत्री)

  • डॉ. सुनील कुमार (पर्यावरण एवं जलवायु मंत्री)

  • राजू कुमार सिंह (पर्यटन मंत्री)

  • नितिन नवीन (पथ निर्माण मंत्री)

  • डॉ. प्रेम कुमार (सहकारिता मंत्री)

9 महिला उम्मीदवारों को टिकट

पार्टी ने महिलाओं को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया है। सूची में शामिल महिला उम्मीदवार हैं- रेणु देवी (बेतिया), श्रेयसी सिंह (जमुई), अरुणा देवी (वारसलीगंज), गायत्री देवी (परेहार), कविता देवी (कोढ़ा), निशा सिंह (प्राणपुर), देवंती यादव (नरपतगंज), रमा निषाद (औराई) और स्वीटी सिंह (किशनगंज)।

पूर्व केंद्रीय मंत्री को मिला मौका

दानापुर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को बीजेपी ने मैदान में उतारा है। यह पहला मौका होगा जब वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। रामकृपाल यादव ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में मीसा भारती को हराया था। हालांकि 2024 में वे हार गए थे।

स्पीकर का कटा टिकट

पटना साहिब से सात बार के विधायक और मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव का टिकट काट दिया गया है। इस सीट से पार्टी ने सरकारी वकील रत्नेश कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया है, वही वकील जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां से जुड़े एआई वीडियो केस में अदालत में पैरवी की थी।

सामाजिक संतुलन पर फोकस

बीजेपी ने अपनी पहली सूची में सभी सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।

  • 17 ओबीसी, 11 अतिपिछड़ा, 9 महिलाएं,

  • 6 एससी-एसटी उम्मीदवार,

  • और 11 भूमिहार उम्मीदवार शामिल किए गए हैं।

पार्टी के पास इन 71 सीटों में से 56 पर विधायक थे, जिनमें से 46 को दोबारा मौका मिला है, जबकि 10 नेताओं के टिकट काटे गए हैं। कुल 101 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही बीजेपी ने अब तक 71 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है, जबकि शेष 30 सीटों पर नाम जल्द घोषित होंगे।