1. Home
  2. चुनाव

Bihar Result : महागठबंधन की हार पर अखिलेश यादव ने लिए SIR को ठहराया जिम्मेदार, कहा- अब नहीं चल पाएगा...

Akhilesh Yadav

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के ताज़ा रुझानों में एनडीए गठबंधन स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रहा है, जबकि महागठबंधन का प्रदर्शन उम्मीदों से काफी कमजोर नजर आ रहा है। 243 सीटों वाली विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में वोटिंग हुई थी और अब 14 नवंबर को जारी नतीजों ने चुनावी तस्वीर लगभग साफ कर दी है।

इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महागठबंधन की हार पर बड़ा बयान देते हुए सीधे तौर पर SIR को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।

अखिलेश यादव का आरोप: बिहार में SIR ने खेल कर दिया

अखिलेश यादव ने चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, बिहार में जो खेल SIR ने किया है, वो अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाकी जगहों पर नहीं हो पाएगा। इस चुनावी साज़िश का भंडाफोड़ हो चुका है। आगे हम ये खेल इन्हें खेलने नहीं देंगे। CCTV की तरह हमारा ‘PPTV’ यानी ‘पीडीए प्रहरी’ चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा। भाजपा दल नहीं, छल है।”

अखिलेश ने संकेत दिया कि बिहार में महागठबंधन की हार किसी राजनीतिक साज़िश और रणनीतिक हस्तक्षेप का परिणाम है।

तेजस्वी यादव का समर्थन

गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन का खुलकर समर्थन किया था। उन्होंने बिहार के कई इलाकों में रैलियां की थीं और कहा था: बिहार बदलाव की बयार महसूस कर रहा है। यहां ‘इंडिया गठबंधन’ जीत की ओर बढ़ रहा है। बिहार एक नया, ऊर्जावान युवा मुख्यमंत्री चुनने जा रहा है और तेजस्वी यादव को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है।”

लेकिन मतगणना के रुझान इस दावे से बिल्कुल उलट चित्र दिखा रहे हैं। महागठबंधन का प्रदर्शन बेहद फीका रहा है और कई प्रमुख उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं।

एनडीए की बढ़त ने बदल दी चुनावी हवा

मतगणना में जदयू, भाजपा और अन्य सहयोगी दलों का गठबंधन बढ़त बनाए हुए है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि एनडीए एक बार फिर बिहार की सत्ता में वापसी करने जा रहा है। उधर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने महागठबंधन की हार को “चुनावी साज़िश” बताते हुए भविष्य में “PPTV प्रहरी” का ज़िक्र करके भाजपा को कड़ी चेतावनी भी दी है।