1. Home
  2. चुनाव

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP में इस्तीफों की बाढ़, वोटिंग से 5 दिन पहले इन विधायकों ने पार्टी को कहा गुडबाय


Aam Adami Party MLAs Resign: दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) नजदीक आते ही आम आदमी पार्टी में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। शुक्रवार को एक ही दिन में सात विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इन विधायकों में त्रिलोकपुरी से विधायक रोहित कुमार, महरौली से विधायक नरेश यादव, कस्तूरबानगर से विधायक मदन लाल, पालम से विधायक भावना गौड़, और जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि शामिल हैं। इन सबने पार्टी से अलविदा लेने का फैसला किया, जबकि बिजवासन से बीएस जून और आदर्श नगर से पवन शर्मा ने भी इस्तीफा दे दिया है।

इस्तीफा देने वाले विधायकों के टिकट कटा थे

यह सभी विधायक वह हैं जिनका पार्टी ने इस बार के विधानसभा चुनाव में टिकट काट दिया था। इनके अलावा बिजवासन से बीएस जून और आदर्श नगर से पवन शर्मा भी इस्तीफा देने वाले हैं। पार्टी से नाराज होकर इन सभी ने इस्तीफा दिया है।

रोहित कुमार ने केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए

रोहित कुमार ने अपने इस्तीफे की चिट्ठी में अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "आपकी बात पर भरोसा करके मेरे समाज ने एकतरफा समर्थन दिया था, जिससे दिल्ली में तीन बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। फिर भी ठेकेदारी प्रथा खत्म नहीं हुई और कच्ची नौकरी पर काम करने वालों को स्थायी नहीं किया गया। मेरे समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया।"

भावना गौड़ और मदन लाल की नाराजगी

भावना गौड़ ने अपनी चिट्ठी में लिखा, "मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देती हूं, क्योंकि अब मेरा आप और पार्टी पर विश्वास खत्म हो गया है।" वहीं, मदन लाल ने विधानसभा स्पीकर रामनिवास गोयल को पत्र लिखते हुए कहा, "मैंने दिल्ली विधानसभा की सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है और इस कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता हूं।"

https://twitter.com/Palamvidhansabh/status/1885292517521817894

राजेश ऋषि ने आप पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए

जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि ने भी आप पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "अन्ना आंदोलन से उत्पन्न हुई आम आदमी पार्टी, जो भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली बनाने का दावा करती थी, अब खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुकी है। इस कारण मैं दुखी मन से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं।"

नरेश यादव ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया

महरौली से विधायक नरेश यादव ने अपने इस्तीफे में लिखा, "मैंने आम आदमी पार्टी को ईमानदारी की राजनीति के लिए ज्वाइन किया था, लेकिन अब कहीं भी ईमानदारी नहीं दिखती। मैंने महरौली में पूरी ईमानदारी से काम किया, और दिल्ली की जनता जानती है कि आप अब भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुकी है।"