1. Home
  2. चुनाव

दिल्ली फतह करने में जुटी बीजेपी : CM Yogi करेंगे धुंआधार प्रचार, चार दिनों में करेंगे 14 जनसभाएं


दिल्ली विधानसभा चुनावों (Delhi Assembly Election 2025) के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टार प्रचारक के रूप में दिल्ली में चुनावी प्रचार करेंगे। वह 4 दिनों में 14 जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जिनमें खासकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मतदाताओं को साधने की योजना है।

योगी 25 जनवरी से दिल्ली में अपनी जनसभाओं की शुरुआत करेंगे, जिनमें किराड़ी, जनकपुरी और उत्तम नगर शामिल हैं। इसके बाद 28 जनवरी को मुस्तफाबाद, घोंडा, शाहदरा और पटपड़गंज में, और 30 जनवरी को महरौली, आरकेपुरम, राजेंद्र नगर तथा छत्तरपुर में चुनावी सभाएं होंगी। अंत में, 1 फरवरी को पालम, बिजवासन और द्वारका में जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा।

सीएम योगी ने हाल ही में गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी पीड़ित की समस्या को हल करने में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली जीतने की कोशिश में बीजेपी

यह माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश से आने वाले मतदाताओं को अपने पक्ष में कर सकते हैं। इस बार बीजेपी सत्ता में वापसी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और किसी भी कीमत पर इस अवसर को खोना नहीं चाहती। यही कारण है कि पार्टी ने झुग्गी बस्तियों से लेकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को लुभाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी ने अपने संकल्प पत्र के पहले हिस्से में महिलाओं के लिए कई वादों को शामिल किया है। वहीं, संकल्प पत्र का दूसरा भाग जल्द ही जारी किया जाएगा, जिसमें छात्रों और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है।