Aishwarya Rai : नमस्ते...व्हाइट साड़ी, मांग में सिंदूर, कान फिल्म फेस्टिवल में छाया ऐश्वर्या राय का इंडियन लुक

Aishwarya Rai at Cannes 2025: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी खूबसूरती या कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ और ट्रेडिशनल लुक है। बीते कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन के तलाक की अफवाहें सोशल मीडिया पर छाई हुई थीं। हालांकि दोनों का एक साथ सार्वजनिक आयोजनों में नजर आना इन खबरों को झूठा साबित कर रहा है।
कान फिल्म फेस्टिवल 2025 में ऐश्वर्या राय बच्चन के एक खास अंदाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। रेड कार्पेट पर इस बार उन्होंने ग्लैमरस वेस्टर्न गाउन की बजाय भारतीय परंपरा को अपनाते हुए माथे पर सिंदूर और साड़ी में शिरकत की। उनका यह लुक एक 'आदर्श भारतीय विवाहित महिला' की छवि को दर्शा रहा था, जिसे फैंस ने दिल खोलकर सराहा।
इस साल अपनी 22वीं उपस्थिति दर्ज कराते हुए, ऐश्वर्या ने रेड कार्पेट पर गोल्डन एम्ब्रॉयडरी वाली आइवरी हैंडलूम साड़ी पहनकर सबको चौंका दिया। उन्होंने इसे फुल स्लीव्स ब्लाउज और ड्रेस-जैसे दुपट्टे के साथ कैरी किया। अपने पारंपरिक लुक को पूरा करते हुए उन्होंने लाल चोकर, रूबी नेकलेस, इयररिंग्स और एक रिंग के साथ स्टाइल को और खास बना दिया।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने ऐश्वर्या के माथे के सिंदूर को 'भारत के ऑपरेशन सिंदूर' से जोड़ते हुए इसे एक तरह की सांकेतिक श्रद्धांजलि बताया। वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "अब कान फिल्म फेस्टिवल वाकई शुरू हुआ है।"
गौरतलब है कि ऐश्वर्या राय ने 2002 में संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास के प्रीमियर के दौरान पहली बार कान में शिरकत की थी, जिसमें वह शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित के साथ नजर आई थीं। तब से वह लगातार L'Oréal Paris की ब्रांड एम्बेसडर के रूप में इस अंतरराष्ट्रीय मंच का हिस्सा बनती आ रही हैं।
इस साल उनका यह देसी और सिंपल लुक न केवल अफवाहों को शांत करने वाला रहा, बल्कि एक गौरवशाली सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में भी सामने आया।
.webp)
