1. Home
  2. मनोरंजन

Box Office Collection : रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 'जाट' की धुआंधार कमाई, सलमान की 'सिकंदर' फिसड्डी! नहीं दिखा पा रही कमाल

Jaat

Box Office Collection : बॉक्स ऑफिस रविवार को पर जबरदस्त हलचल देखने को मिली। सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ और फिल्मों की कमाई ने साफ कर दिया कि दर्शक अच्छी कहानियों और दमदार अभिनय को सराहना जानते हैं। इस हफ्ते सनी देओल (Sunny Deol) की फिल्म ‘जाट’ (Jaat) ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 14 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल कलेक्शन 40.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। देसी अंदाज और सनी देओल की गुस्से भरी परफॉर्मेंस दर्शकों को खूब भा रही है। पहले दिन 9.5 करोड़, दूसरे दिन 7 करोड़ और तीसरे दिन 10 करोड़ की कमाई के बाद रविवार की उछाल ने फिल्म के भविष्य की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। 100 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अगर ऐसे ही चलती रही तो लागत निकालने के साथ-साथ अच्छा मुनाफा भी कमा सकती है।

वहीं, अजित कुमार की एक्शन थ्रिलर ‘गुड बैड अग्ली’ ने भी चौथे दिन शानदार प्रदर्शन किया। रविवार को फिल्म ने 20.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 84.5 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि इसका बजट 190 करोड़ रुपये का है, लेकिन जिस रफ्तार से यह फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे साफ है कि दर्शकों को अजित कुमार का स्टाइल और कहानी का रोमांच पसंद आ रहा है। पहले तीन दिनों में क्रमशः 28.5 करोड़, 13.5 करोड़ और 18.5 करोड़ की कमाई करने वाली यह फिल्म अभी भी थिएटरों में मजबूती से टिकी हुई है।

दूसरी ओर, सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ अब बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ती नजर आ रही है। तीसरे रविवार यानी फिल्म के 15वें दिन इसका कलेक्शन महज 54 लाख रुपये रहा, जिससे इसका कुल कलेक्शन 109.04 करोड़ रुपये तक ही पहुंच पाया है। 200 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी यह फिल्म पहले दिन 26 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने में तो सफल रही, लेकिन उसके बाद दर्शकों और समीक्षकों दोनों की बेरुखी का शिकार हो गई। न कहानी में दम था, न ही प्रस्तुति में नयापन, जिसकी वजह से फिल्म अब थिएटरों से बाहर होती जा रही है।

कुल मिलाकर, इस रविवार को 'जाट' और 'गुड बैड अग्ली' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया, जबकि 'सिकंदर' ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब देखना होगा कि आने वाले हफ्तों में ये फिल्में अपनी रफ्तार को कितनी दूर तक बनाए रख पाती हैं।