‘हनुमान अंश’ ने Box Office पर मचाया तहलका! यश की ‘टॉक्सिक’ को पछाड़ा, किया इतने करोड़ का कलेक्शन

मुंबई: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक ऐसा उलटफेर देखने को मिल रहा है, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी। नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ रिलीज के 26वें दिन भी सिनेमाघरों में अपनी पकड़ बनाए हुए है। खास बात यह है कि कमाई के मामले में इस फिल्म ने सुपरस्टार यश की बड़े बजट वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को पीछे छोड़ दिया है।
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 1 सितंबर को ‘हनुमान अंश’ ने भारत में करीब 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं ‘टॉक्सिक’ ने अपने सातवें दिन भारत में करीब 8.20 करोड़ रुपये कमाए। यानी एक दिन की कमाई में ‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ को करीब 30 लाख रुपये से पीछे छोड़ दिया।
हिंदी में और बड़ा अंतर
दोनों फिल्मों की हिंदी कमाई की तुलना करें तो अंतर और भी दिलचस्प हो जाता है। ‘हनुमान अंश’ ने 1 सितंबर को हिंदी भाषा से करीब 8.50 करोड़ रुपये कमाए। दूसरी तरफ ‘टॉक्सिक’ ने सभी भाषाओं को मिलाकर 8.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसमें हिंदी का योगदान करीब 5.60 करोड़ रुपये रहा। इस हिसाब से हिंदी में ‘हनुमान अंश’ ने ‘टॉक्सिक’ से करीब 2.90 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए।
2 करोड़ के बजट वाली फिल्म का जलवा
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआती दिनों में फिल्म की रफ्तार धीमी रही, लेकिन बाद में दर्शकों के बीच इसका क्रेज बढ़ता गया। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 26 दिनों में भारत में लगभग 63.82 करोड़ रुपये ग्रॉस और 54.13 करोड़ रुपये नेट कमा लिए हैं।
‘टॉक्सिक’ की कमाई कितनी?
वहीं यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को रिलीज हुई। सात दिनों में फिल्म ने भारत में करीब 229.95 करोड़ रुपये नेट और लगभग 272.80 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन किया है। हालांकि, फिल्म के कथित बड़े बजट की तुलना में इसकी कमाई को लेकर बॉक्स ऑफिस पर चर्चा जारी है।
.webp)
