1. Home
  2. स्वास्थ्य

क्या वाकई तांबे के बर्तन में रखा पानी पीना है फायदेमंद? जानें शरीर पर इसका क्या पड़ता है असर

Copper

आजकल लोग हेल्थ को लेकर पहले से ज्यादा सजग हो गए हैं। इसी के चलते कई पुराने आयुर्वेदिक उपायों को फिर से अपनाया जा रहा है। इन उपायों में सबसे ज्यादा लोकप्रियता तांबे के बर्तन में पानी पीने को मिली है। अब ऑफिस से लेकर घर तक कॉपर की बोतलें आम नजर आने लगी हैं। आयुर्वेद के अनुसार यह परंपरा शरीर को डिटॉक्स करने और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करती है।,लेकिन क्या साइंस भी इसकी पुष्टि करता है और क्या इसे रोजाना पीना सुरक्षित है? आइए विस्तार से समझते हैं।

 

कैसे शुरू हुई यह परंपरा?

 

तांबे के बर्तन में पानी रखने की परंपरा भारत और मिस्र जैसी प्राचीन सभ्यताओं से जुड़ी है। आयुर्वेद में इसे "ताम्र जल" कहा गया है। माना जाता है कि यह पानी वात, पित्त और कफ जैसे त्रिदोषों को संतुलित करता है, शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालता है और जीवन शक्ति (वायटैलिटी) को बढ़ाता है।

तांबा पानी में कैसे घुलता है?

जब पानी को 6-8 घंटे या रातभर तांबे के बर्तन में रखा जाता है, तो उसमें बेहद कम मात्रा में तांबे के आयन घुल जाते हैं। यह प्रक्रिया "ओलिगोडायनामिक इफेक्ट" कहलाती है। इसके जरिए पानी में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस नष्ट हो सकते हैं।

क्या हैं कॉपर वॉटर के फायदे?

1. इम्यूनिटी को करता है मजबूत

तांबे में मौजूद एंटीमाइक्रोबियल, एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट तत्व इम्यून सिस्टम को मजबूती देते हैं और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं।

2. पाचन सुधारता है

कॉपर पानी पेट के हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म कर पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। यह गैस, अल्सर और सूजन जैसी समस्याओं से राहत दिला सकता है।

3. वजन कम करने में सहायक

तांबे के बर्तन का पानी मेटाबॉलिज्म को तेज कर एक्स्ट्रा फैट को घटाने में मदद कर सकता है।

4. त्वचा को बनाता है स्वस्थ

कॉपर शरीर में मेलानिन बनाने में सहायक होता है, जो त्वचा की मरम्मत करता है और दाग-धब्बों को कम करता है।

5. थायरॉयड संतुलित रखने में सहायक

थायरॉयड ग्रंथि के सही कार्य के लिए कॉपर जरूरी है। इसकी कमी थायरॉयड असंतुलन से जुड़ी होती है।

कॉपर बर्तन का इस्तेमाल कैसे करें?

  • तांबे की बोतल में पानी भरकर रातभर रखें।

  • सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें।

  • दिन में 1-2 बार से ज्यादा न पिएं।

  • नींबू पानी या अन्य अम्लीय तरल इसमें न रखें, इससे तांबा अधिक मात्रा में घुल सकता है।

कितना कॉपर है सुरक्षित?

जरूरत से ज्यादा कॉपर का सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके लक्षणों में उल्टी, मतली, पेट दर्द और लीवर से जुड़ी समस्याएं शामिल हो सकती हैं। एक वयस्क के लिए प्रतिदिन 0.9 मिलीग्राम कॉपर पर्याप्त माना गया है, जो सामान्य आहार से मिल जाता है।