1. Home
  2. स्वास्थ्य

सुबह की चाय और टोस्ट सेहत के दुश्मन! जानिए क्या कहती है रिसर्च

..

सुबह की शुरुआत एक कप गर्म चाय और कुरकुरे टोस्ट के बिना अधूरी लगती है। ज्यादातर भारतीयों के लिए यह रोजमर्रा की आदत बन चुकी है। यह जल्दी तैयार हो जाते हैं, स्वादिष्ट लगते हैं और दिन की शुरुआत को सुकूनभरी बना देते हैं। लेकिन हालिया शोध चेतावनी दे रहे हैं कि यह मासूम सी आदत धीरे-धीरे आपकी सेहत पर बुरा असर डाल रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना चाय और सफेद ब्रेड टोस्ट का सेवन करने से शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस और मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा बढ़ जाता है। इसका असर यह होता है कि शरीर में शुगर का स्तर असंतुलित हो जाता है, जिससे मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी बीमारियां जन्म ले सकती हैं।

चाय में छिपे नुकसान

अगर आपकी सुबह फुल-फैट दूध और दो-तीन चम्मच चीनी वाली चाय से शुरू होती है, तो यह आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। एक कप चाय में करीब 150 से 200 कैलोरी होती है, जो दिनभर में कई बार पीने पर वजन बढ़ाने का कारण बनती है। इसके अलावा चाय में मौजूद कैफीन जहां थोड़ी मात्रा में फायदेमंद है, वहीं अधिक मात्रा में यही चिंता, अनिद्रा और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है।

सफेद ब्रेड टोस्ट के खतरे

सफेद ब्रेड में फाइबर और जरूरी पोषक तत्व लगभग खत्म हो जाते हैं। इसमें मौजूद रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाते हैं, जिससे थोड़े समय बाद फिर भूख लगने लगती है। वहीं, अधिक टोस्ट की गई या जली हुई ब्रेड में एक्रिलामाइड नामक केमिकल बनता है, जो लंबे समय में कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन सकता है।

क्या है समाधान?

अगर आप चाय और टोस्ट छोड़ना नहीं चाहते, तो बस थोड़े बदलाव से इसे हेल्दी बना सकते हैं।

  • चाय में बदलाव करें: चीनी की मात्रा घटाएं, फुल-फैट दूध की जगह टोंड या प्लांट-बेस्ड दूध का उपयोग करें। स्वाद बढ़ाने के लिए अदरक, इलायची या दालचीनी डालें।

  • टोस्ट को हेल्दी बनाएं: सफेद ब्रेड की जगह साबुत अनाज या मल्टीग्रेन ब्रेड लें। टोस्ट को ज्यादा न जलाएं और टॉपिंग में एवोकाडो, उबला अंडा, पीनट बटर या हम्मस जैसे विकल्प अपनाएं।