1. Home
  2. अंतराष्ट्रीय

80 प्रवासियों को स्पेन लेकर जा रही नाव मोरक्को के पास पलटी, 40 से अधिक पाकिस्तानियों की मौत

80 प्रवासियों को स्पेन लेकर जा रही नाव मोरक्को के पास पलटी, 40 से अधिक पाकिस्तानियों की मौत

स्पेन की ओर जाने की कोशिश कर रहे 80 प्रवासियों को लेकर जा रही एक नाव मोरक्को के पास पलट गई, जिसमें 40 से अधिक पाकिस्तानियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी। प्रवासी अधिकार संगठन ‘वॉकिंग बॉर्डर्स’ ने आशंका जताई कि 50 से ज्यादा लोग डूब सकते हैं।

मोरक्को के अधिकारियों ने एक दिन पहले एक नौका से 36 लोगों को बचाया था, जो 2 जनवरी को मॉरिटानिया से 86 प्रवासियों को लेकर रवाना हुई थी। इनमें 66 पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल थे।

वॉकिंग बॉर्डर्स’ की सीईओ हेलेना मालेनो ने सोशल मीडिया पर बताया कि हादसे में मारे गए लोगों में से 44 पाकिस्तान के थे।

पाकिस्तान का बयान

पाकिस्तान विदेश कार्यालय ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोरक्को में उनका दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में है और बचाव कार्यों में मदद कर रहा है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान ने मोरक्को में अपने दूतावास से एक टीम को भेजा है, जो पाकिस्तानी नागरिकों को आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।

पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमारे दूतावास ने बताया है कि मॉरिटानिया से पाकिस्तानी नागरिकों समेत 80 यात्रियों को लेकर एक नाव दखला बंदरगाह के पास पलट गई है। कई पाकिस्तानी नागरिक और अन्य जो इस हादसे में बच गए हैं, उन्हें दखला के पास एक अस्थायी शिविर में रखा गया है। हम शीघ्र ही मदद भेज रहे हैं।”

पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का शोक

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "मोरक्को के तट पर एक नाव के पलटने की खबर बेहद चिंताजनक है। इस नाव में 80 से अधिक यात्री थे, जिनमें कई पाकिस्तानियों भी शामिल थे। यह हम सभी के लिए एक बड़ा सदमा है।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "मैंने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वे मोरक्को में लापता लोगों का पता लगाएं, बच गए लोगों को बचाएं और इस हादसे में जान गंवाने वालों के शवों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू करें। इसके साथ ही, मैंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि पाकिस्तान में मानव तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जो निर्दोष नागरिकों को इस खतरनाक यात्रा के लिए मजबूर करते हैं।"