Afghanistan Earthquake : अफगानिस्तान में भूकंप से तबाही, अब तक 622 मौतें, 1300 से ज्यादा लोग घायल

Afghanistan Earthquake : अफगानिस्तान में रविवार देर रात आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के अनुसार, अब तक 622 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 1300 से अधिक लोग घायल होकर अस्पतालों में भर्ती किए गए हैं।
लगातार झटकों से दहला अफगानिस्तान
पहला भूकंप नांगरहार और कुनार प्रांत में 6.0 तीव्रता का दर्ज किया गया। इसके बाद 4.5 से 5.2 तीव्रता के तीन और झटके महसूस किए गए। कंपन की गूंज राजधानी काबुल और पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक पहुंची।
कुनार में सबसे ज्यादा तबाही
तालिबान प्रवक्ता के मुताबिक, पहाड़ी कुनार क्षेत्र में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। कई सड़कों पर भूस्खलन होने से राहत दल प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। तालिबान अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की अपील की है ताकि राहत और बचाव कार्य तेज किया जा सके।
गांवों का अस्तित्व मिटा
जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि कुनार में कई गांव पूरी तरह मलबे में बदल गए हैं। फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। नांगरहार और काबुल से चिकित्सा टीमें मौके पर भेजी गई हैं, लेकिन संसाधनों की कमी राहत कार्यों में बड़ी चुनौती बनी हुई है।
मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है
तालिबान अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि कई प्रभावित जगहों तक अब तक टीमें पहुंच ही नहीं पाई हैं।
क्यों संवेदनशील है अफगानिस्तान
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र नांगरहार के जलालाबाद से 27 किमी दूर और जमीन से मात्र 8 किमी गहराई में था। इतनी कम गहराई वाले भूकंप अक्सर ज्यादा तबाही मचाते हैं। अफगानिस्तान भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराव वाले क्षेत्र में स्थित है, जिसकी वजह से यह एशिया के सबसे भूकंप-प्रवण इलाकों में गिना जाता है। अक्टूबर 2023 में यहां 6.3 तीव्रता के भूकंप में करीब 4,000 लोगों की मौत हुई थी।
.webp)
