इजरायल वित्त मंत्री की धमकी, कहा- 'युद्ध नहीं शुरू हुआ तो गिरा देंगे सरकार...

Israel Hamas Ceasefire Deal: इस्राइल की राजनीति में भूचाल मच गया है। दक्षिणपंथी वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार को खुली धमकी दी है। स्मोट्रिच ने कहा कि अगर गाजा में युद्ध विराम के पहले चरण के बाद जंग फिर से शुरू नहीं हुई तो वे सरकार गिरा देंगे।
उन्होंने यह बयान तब दिया जब इस्राइल-हमास के बीच युद्ध विराम समझौते के बाद सरकार के भीतर विरोधाभास सामने आए हैं। स्मोट्रिच ने कहा, "भगवान न करे, लेकिन अगर युद्ध फिर से शुरू नहीं हुआ तो मैं सरकार गिरा दूंगा।"
युद्ध के खिलाफ सख्त रुख
स्मोट्रिच ने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि युद्ध तब तक जारी रहेगा जब तक इसके सभी लक्ष्य पूरे नहीं हो जाते। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर नेतन्याहू ने वादा नहीं निभाया, तो सरकार का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
धार्मिक और अति-राष्ट्रवादी पार्टी के नेता स्मोट्रिच ने युद्ध विराम समझौते के खिलाफ वोट किया था। उन्होंने कहा कि गाजा में 33 इस्राइली बंधकों की रिहाई और सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों की रिहाई के बाद युद्ध फिर से शुरू होना चाहिए।
इजरायली राजनीति में संकट
अगर स्मोट्रिच सरकार से समर्थन वापस लेते हैं, तो नेतन्याहू की गठबंधन सरकार का बहुमत समाप्त हो जाएगा। इससे सरकार गिरने और समय से पहले चुनाव होने की संभावना बढ़ जाएगी। इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इटमार बेन-ग्वीर ने भी युद्ध विराम समझौते के विरोध में इस्तीफा दे दिया था।
फलस्तीनियों की दुर्दशा
दूसरी ओर, गाजा में विस्थापित फलस्तीनी अब भी अपने घरों को लौटने से हिचकिचा रहे हैं। गाजा के दक्षिणी शहर राफा में हालात बदतर हैं। कई लोग बुनियादी सुविधाओं के अभाव और खंडहरों में रहने के डर से लौटने से इनकार कर रहे हैं।
आगे क्या?
इस्राइली सरकार के भीतर मची इस उथल-पुथल ने देश की राजनीति को नई दिशा में धकेल दिया है। नेतन्याहू सरकार पर अब दबाव है कि वह युद्ध के भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय ले।
.webp)
