Mehul Choksi Arrested: भगोड़ा मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार, भारत के अपील पर हुई कार्रवाई

Mehul Choksi Arrested : पंजाब नेशनल बैंक से जुड़े 13,500 करोड़ रुपये के बहुचर्चित ऋण घोटाले (PNB Fraud) में वांछित हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 65 वर्षीय चोकसी को शनिवार को हिरासत में लिया गया और फिलहाल वह जेल में है। यह गिरफ्तारी भारत सरकार द्वारा किए गए प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद की गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बेल्जियम की संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों से चोकसी के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की थी।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जब पुलिस ने मेहुल चोकसी को पकड़ा, तब उन्होंने मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी दो ओपन-एंडेड गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया। ये वारंट क्रमशः 23 मई 2018 और 15 जून 2021 के थे। हालांकि, चोकसी की बिगड़ती सेहत और अन्य मानवीय कारणों के चलते यह आशंका जताई जा रही है कि उसे लंबे समय तक जेल में नहीं रखा जा सकेगा और उसे जल्दी ही जमानत मिल सकती है।
गौरतलब है कि मेहुल चोकसी अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ बेल्जियम के एंटवर्प शहर में रह रहा था। उसके पास एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता है, और वह वहां से इलाज के बहाने बाहर गया था। चोकसी का नाम उसके भतीजे नीरव मोदी के साथ इस महाघोटाले में शामिल है। नीरव मोदी की भी फिलहाल लंदन से भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है। जनवरी 2018 में, जब पीएनबी घोटाला उजागर होने वाला था, उससे कुछ ही सप्ताह पहले मेहुल चोकसी भारत से फरार हो गया था।
यह गिरफ्तारी भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक सफलता मानी जा रही है, और अब देखने वाली बात यह होगी कि बेल्जियम की अदालतें प्रत्यर्पण प्रक्रिया को किस तरह आगे बढ़ाती हैं।
.webp)
