बांग्लादेश में 'ऑपरेशन डेविल हंट' जारी, अब तक 1300 से अधिक गिरफ्तारियां

ढाका: बांग्लादेश में हिंसा और उपद्रव को लेकर अंतरिम सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए सरकार ने 'ऑपरेशन डेविल हंट' शुरू किया, जिसके तहत अब तक 1308 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने स्पष्ट कहा है कि अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
शेख मुजीब के घर पर हमला, भड़की हिंसा
बीते सप्ताह ढाका के बाहरी इलाके में बांग्लादेश के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता, शेख मुजीब-उर-रहमान के आवास पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसमें कई छात्र कार्यकर्ता घायल हो गए। इस घटना के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया और ऑपरेशन डेविल हंट की शुरुआत की।
अल्पसंख्यकों पर बढ़े हमले, 23 हिंदुओं की हत्या
बांग्लादेश में पिछले कुछ महीनों से अल्पसंख्यकों पर हमले तेज हो गए हैं। भारत सरकार के मुताबिक, अगस्त 2024 से अब तक 23 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है और 152 हिंदू मंदिरों पर हमले किए गए हैं। हाल ही में नवंबर से 25 जनवरी के बीच हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की 76 घटनाएं दर्ज हुई हैं। बांग्लादेशी पुलिस ने ऐसे 88 मामलों में 70 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 1254 हिंसा की घटनाओं की पुष्टि की गई है।
अंतरिम सरकार का सख्त संदेश
सरकार ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और 'ऑपरेशन डेविल हंट' तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी उपद्रवियों को कानून के दायरे में नहीं लाया जाता। बांग्लादेश में जारी इस उथल-पुथल के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी हालात पर नजर बनाए हुए है।
.webp)
