1. Home
  2. अंतराष्ट्रीय

PM मोदी ने एलन मस्क को लगाया फोन, जानें क्या हुई बातचीत

Elon Musk

PM Modi spoke to Elon Musk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टेस्ला-स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर अहम बातचीत हुई। इस संवाद के दौरान दोनों दिग्गजों ने भारत और अमेरिका के बीच तकनीकी सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा की और मिलकर आगे काम करने की इच्छा जताई।

वॉशिंगटन की मुलाकात को किया याद

प्रधानमंत्री मोदी और मस्क ने इस साल की शुरुआत में वॉशिंगटन डीसी में हुई मुलाकात का ज़िक्र करते हुए कई अहम विषयों पर बात की। चर्चा के दौरान भारत के तेज़ी से बढ़ते टेक्नोलॉजी सेक्टर और एलन मस्क की कंपनियों के साथ संभावित सहयोग को लेकर विशेष ध्यान दिया गया।

पीएम मोदी ने साझा किया बातचीत का अनुभव

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मैंने एलन मस्क से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की, जिनमें उन विषयों को भी शामिल किया गया, जिन पर हमने वॉशिंगटन डीसी में मुलाकात के दौरान बात की थी। हमने तकनीक और नवाचार के क्षेत्रों में साझेदारी के संभावनाओं पर चर्चा की। भारत अमेरिका के साथ इस सहयोग को और मजबूत करने को लेकर पूरी तरह तैयार है।”

यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है जब टेस्ला भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में कदम रखने की तैयारी में है, और सरकार से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर चर्चाएं भी चल रही हैं।

फरवरी में भी हुई थी आमने-सामने मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी और एलन मस्क की पिछली मुलाकात फरवरी में हुई थी, जब पीएम अमेरिका दौरे पर गए थे। उस दो दिवसीय दौरे में दोनों नेताओं ने इलेक्ट्रिक गाड़ियां, सौर ऊर्जा और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे उभरते क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर चर्चा की थी।

इस भेंट के दौरान पीएम मोदी ने एलन मस्क के तीनों बच्चों को भारतीय साहित्य की चुनिंदा पुस्तकें भी भेंट की थीं, जिनमें शामिल थीं:

रवींद्रनाथ टैगोर की The Crescent Moon

आर.के. नारायण की The Great R.K. Narayan Collection

पंडित विष्णु शर्मा की Panchatantra