1. Home
  2. अंतराष्ट्रीय

रोमानिया के राष्ट्रपति क्लाउस इओहानिस ने दिया इस्तीफा, कहा- देश को बचाने के लिए...

रोमानिया के राष्ट्रपति क्लाउस इओहानिस ने दिया इस्तीफा, कहा- देश को बचाने के लिए...

Romanian President Klaus Iohannis Resigns : रोमानिया के राष्ट्रपति क्लॉस इओहानिस ने विपक्ष के बढ़ते दबाव और चुनाव रद्द होने के दो महीने बाद अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश को संकट से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। इओहानिस 12 फरवरी को अपना पद छोड़ देंगे।

चुनाव रद्द होने के बाद संकट गहराया

2014 से राष्ट्रपति पद संभाल रहे क्लॉस इओहानिस ने दो बार पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। लेकिन दिसंबर 2024 में सांविधानिक न्यायालय ने राष्ट्रपति चुनाव को रद्द कर दिया था। यह फैसला तब आया जब दूसरे दौर के मतदान से ठीक दो दिन पहले राजनेता कैलिन जॉर्जेस्कू पहले चरण में बढ़त बना चुके थे। इस चुनाव में रूसी हस्तक्षेप और धांधली के आरोप भी लगे थे। इओहानिस ने दावा किया था कि रोमानिया को चुनाव के दौरान रूसी साइबर हमलों का सामना करना पड़ा।

विपक्ष ने बढ़ाया दबाव

चुनाव रद्द होने के बाद विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति पर इस्तीफे का दबाव बढ़ा दिया। दक्षिणपंथी एलायंस फॉर द यूनिटी ऑफ रोमानियन (AUR), राष्ट्रवादी SOS पार्टी, पार्टी ऑफ यंग पीपल, और सेव रोमानिया यूनियन पार्टी के कुछ सदस्यों ने संसद में प्रस्ताव लाकर इओहानिस को हटाने की मांग की। सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ सांसदों के भी उनके खिलाफ मतदान करने की संभावना जताई जा रही थी।

इओहानिस का पलटवार

इओहानिस ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा,"यह एक बेकार प्रयास है क्योंकि किसी भी स्थिति में मैं कुछ महीनों में अपना कार्यकाल पूरा कर पद छोड़ने वाला था। विपक्ष का यह कदम निराधार है, क्योंकि मैंने कभी भी संविधान का उल्लंघन नहीं किया।"

अब क्या होगा?

राष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद अंतरिम राष्ट्रपति की नियुक्ति की जाएगी, और नए चुनावों की प्रक्रिया शुरू होगी। इस राजनीतिक संकट के बीच विपक्ष के लिए यह एक बड़ी जीत मानी जा रही है, लेकिन रोमानिया में अस्थिरता का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। आने वाले महीनों में यह साफ होगा कि कौन देश का अगला राष्ट्रपति बनेगा और राजनीतिक हालात किस दिशा में जाएंगे।