रूस का बड़ा दावा, जेलेंस्की ने करवाया था पुतिन के हेलीकॉप्टर पर ड्रोन अटैक

रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। रविवार को रूस ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हेलीकॉप्टर को ड्रोन हमले का निशाना बनाया। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुतिन जब हाल ही में कुर्स्क के दौरे पर थे, तभी उनका हेलीकॉप्टर यूक्रेनी ड्रोन के निशाने पर आ गया। हालांकि, रूसी एयर डिफेंस ने स्थिति संभालते हुए राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित की और हेलीकॉप्टर सुरक्षित उड़ान भरता रहा।
ड्रोन अटैक के बाद रूस का जवाबी हमला
इस हमले के बाद रूस ने शनिवार रात यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल अटैक किया। यह हमला ऐसे समय हुआ, जब कुछ दिन पहले ही दोनों देशों ने युद्धबंदियों की अदला-बदली की थी और सीजफायर की उम्मीदें जताई जा रही थीं। लेकिन रूस के इस हमले ने एक बार फिर जमीनी हालात को तनावपूर्ण बना दिया है।
रूसी मिसाइल से यूक्रेनी जहाज तबाह
यूक्रेन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि रूस ने कीव सहित कई शहरों को टारगेट करते हुए मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। ओडेसा पोर्ट पर एक यूक्रेनी जहाज को रूसी मिसाइल ने डुबो दिया। रूस का दावा है कि इस जहाज में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद लदा हुआ था।
यूक्रेनी नागरिकों की मौत, बच्चों की भी जान गई
इस हमले में कम से कम 12 लोगों की जान चली गई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। यूक्रेन के कई इलाकों में रातभर धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं और लोगों में दहशत का माहौल है।
सीजफायर को लेकर बढ़ा वैश्विक दबाव
राष्ट्रपति पुतिन अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच कुछ मौकों पर मानवीय आधार पर सीजफायर के लिए तैयार भी हुए थे, लेकिन हालिया घटनाएं बताती हैं कि युद्ध विराम की कोशिशें नाकाफी साबित हो रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेता रूस-यूक्रेन के बीच स्थायी शांति स्थापित करने की अपील कर चुके हैं।
.webp)
