1. Home
  2. अंतराष्ट्रीय

Trump Tariffs : जूते-कपड़े से लेकर ज्वैलरी तक...जानें ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ का भारत के किस सेक्टर पर होगा कितना असर?

Trump

Trump Tariffs : भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में बड़ा झटका तब आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड डील में विफलता के चलते भारत पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क (टैरिफ) लगा दिया। यह फैसला गुरुवार से प्रभावी हो गया है। इसके साथ ही रूस से तेल खरीदने की वजह से 27 अगस्त से अतिरिक्त 25 प्रतिशत दंडात्मक शुल्क भी लगाया जाएगा। इस तरह भारत पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा, जिससे द्विपक्षीय व्यापार पर व्यापक असर पड़ सकता है।

किन क्षेत्रों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?

वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और अमेरिका के बीच कुल 131.8 अरब डॉलर का व्यापार हुआ था, जिसमें भारत का निर्यात 86.5 अरब डॉलर और आयात 45.3 अरब डॉलर रहा। नए टैरिफ के बाद सबसे अधिक प्रभाव जिन क्षेत्रों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, वे हैं:

  • कपड़ा उद्योग: 10.2 अरब डॉलर का निर्यात

  • हीरे व आभूषण: 12 अरब डॉलर

  • चमड़े के उत्पाद: 1.18 अरब डॉलर

  • झींगा मछली और समुद्री उत्पाद: 2.24 अरब डॉलर

  • रासायनिक उत्पाद: 2.34 अरब डॉलर

  • इलेक्ट्रिकल मशीनरी: 9 अरब डॉलर

विशेषज्ञों का मानना है कि इन सेक्टरों से अमेरिका को होने वाला निर्यात 40-50 प्रतिशत तक गिर सकता है, क्योंकि अधिक शुल्क लगने से भारतीय वस्तुएं अमेरिकी बाजार में महंगी हो जाएंगी और प्रतिस्पर्धी देशों के सस्ते उत्पाद बाजार में अपनी जगह बना लेंगे।

कपड़ा और आभूषण उद्योग पर बड़ा प्रभाव

कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (CITI) ने इस फैसले पर गंभीर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि भारतीय कपड़ा उद्योग पहले से ही वैश्विक प्रतिस्पर्धा, कच्चे माल की कीमत और मांग में कमी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, और अब अमेरिकी बाजार में पैर जमाए रखना और मुश्किल हो जाएगा।

आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय कपड़ा निर्यात में हाल ही में 59% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन अब इसमें गिरावट तय मानी जा रही है। वहीं मशीनरी, फर्नीचर और आभूषण पर क्रमशः 51.3%, 52.3% और 51.1% का भारी-भरकम टैरिफ भारत के निर्यातकों की कमर तोड़ सकता है।

झींगा मछली निर्यातकों को तगड़ा झटका

कोलकाता के एक समुद्री मछली कारोबारी ने बताया कि अब झींगा मछली अमेरिकी बाजार में बहुत महंगी हो जाएगी। मेग्गा मोडा कंपनी के एमडी योगेश गुप्ता ने कहा कि पहले से ही इस पर 2.49% एंटी-डंपिंग ड्यूटी और 5.77% काउंटरवेलिंग ड्यूटी लग रही थी। अब 25% अतिरिक्त शुल्क लगने से कुल टैक्स 33.26% तक पहुंच गया है। ऐसे में अमेरिकी बाजार में बने रहना बेहद मुश्किल हो जाएगा।