1. Home
  2. अंतराष्ट्रीय

World First Trillionaire: एलन मस्क ने रचा इतिहास, अब कहलाएंगे ट्रिलेनियर, नेटवर्थ जान उड़ जाएंगे होश

Elon Musk

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने एक और ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसे अब तक कोई भी नहीं छू पाया था। स्पेसएक्स के रिकॉर्डतोड़ आईपीओ के बाद मस्क की कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर (एक लाख करोड़ डॉलर) के आंकड़े को पार कर गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बनने वाले व्यक्ति बन गए हैं।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्पेसएक्स ने अपने आईपीओ के जरिए करीब 75 अरब डॉलर जुटाए हैं। इस ऐतिहासिक लिस्टिंग के बाद कंपनी का मूल्यांकन तेजी से बढ़ा, जिससे एलन मस्क की नेटवर्थ भी 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंच गई। आईपीओ से पहले फोर्ब्स ने उनकी संपत्ति लगभग 780 अरब डॉलर आंकी थी।

21 देशों की अर्थव्यवस्था से बड़ी संपत्ति

एलन मस्क की दौलत अब उस स्तर पर पहुंच चुकी है, जहां उसकी तुलना कई देशों की अर्थव्यवस्था से की जा रही है। वर्तमान में दुनिया में केवल 21 ऐसे देश हैं, जिनकी जीडीपी 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक है। ऐसे में मस्क की निजी संपत्ति दुनिया की 22वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के बराबर मानी जा रही है।

स्पेसएक्स बना सबसे बड़ा धन स्रोत

मस्क की संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा उनकी अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स में हिस्सेदारी से आता है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी का मूल्य करीब 866 अरब डॉलर है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता टेस्ला, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, न्यूरालिंक और द बोरिंग कंपनी में भी उनकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है।

दक्षिण अफ्रीका से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति तक का सफर

54 वर्षीय एलन मस्क का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। उन्होंने टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के जरिए तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र में नई क्रांति पैदा की। जहां टेस्ला ने इलेक्ट्रिक वाहनों को लोकप्रिय बनाया, वहीं स्पेसएक्स ने निजी अंतरिक्ष अभियानों को नई पहचान दिलाई।

'एलन प्रीमियम' पर दांव लगा रहे निवेशक

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशक केवल मस्क की कंपनियों में नहीं, बल्कि उनके विजन और नेतृत्व क्षमता पर भी भरोसा जता रहे हैं। यही वजह है कि उनकी कंपनियों को मिलने वाले ऊंचे वैल्यूएशन को अब 'एलन प्रीमियम' कहा जाने लगा है।

हालांकि कुछ आलोचकों का मानना है कि किसी एक व्यक्ति के पास इतनी अधिक आर्थिक और कारोबारी शक्ति का केंद्रित होना कई सवाल खड़े करता है। इसके बावजूद निवेशकों का भरोसा मस्क पर लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।

वैश्विक आर्थिक इतिहास में दर्ज हुई उपलब्धि

दुनिया ने अब तक कई अरबपति और सैकड़ों बिलियनेयर देखे हैं, लेकिन ट्रिलेनियर का दर्जा हासिल करने वाले पहले व्यक्ति के रूप में एलन मस्क ने अपना नाम इतिहास में दर्ज करा लिया है। उनकी यह उपलब्धि वैश्विक कारोबारी और आर्थिक जगत में एक नए अध्याय के रूप में देखी जा रही है।